परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने बिजली विभाग को दिया सख्त निर्देश,बैरिया विधानसभा की चार ग्राम सभाओं को मिलेगी राहत, दीघार उपकेंद्र से जोड़ने के निर्देश
डॉ सुनील कुमार ओझा
बलिया।। जनपद के बैरिया विधानसभा क्षेत्र के चार ग्रामसभा में लंबे समय से चली आ रही बिजली समस्या के समाधान की दिशा में बड़ी पहल हुई है। क्षेत्र की चार ग्राम सभाओं में खराब विद्युत आपूर्ति को लेकर उठी आवाज अब शासन स्तर तक पहुंच गई है, जिस पर त्वरित कार्रवाई भी शुरू हो गई है।
जिला पंचायत सदस्य गीता सिंह द्वारा उठाए गए मुद्दे पर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने गंभीरता दिखाते हुए विद्युत विभाग को सख्त निर्देश जारी किए हैं।
दरअसल, बैरिया विधान सभा की बेलहरी ब्लॉक की ग्राम सभाएं— बेलहरी, मुड़ाडीह, बघऊंच और भरखोखा— वर्तमान में सोनवानी विद्युत उपकेंद्र से जुड़ी हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि यहां से मिलने वाली बिजली आपूर्ति बेहद खराब और अनियमित है, जिससे रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।
इस समस्या को देखते हुए जिला पंचायत सदस्य ने मांग की कि इन ग्राम सभाओं को सोनवानी उपकेंद्र से हटाकर विद्युत उपकेंद्र दीघार से जोड़ा जाए, ताकि बेहतर और निर्बाध बिजली मिल सके।
मामले को गंभीरता से लेते हुए मंत्री दयाशंकर सिंह ने अधीक्षण अभियंता, विद्युत, बलिया को पत्र भेजकर स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जनहित में शीघ्र कार्रवाई करते हुए संबंधित गांवों को दीघार उपकेंद्र से जोड़ा जाए और बिजली आपूर्ति को सुचारु किया जाए।
मंत्री के इस कदम से क्षेत्रीय लोगों में नई उम्मीद जगी है। अब सबकी निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभाग कब तक इस निर्देश को धरातल पर उतारता है और ग्रामीणों को बिजली संकट से राहत मिलती है।









