Breaking News

“आधी आबादी नहीं, पूरी ताकत: बलिया में छात्राओं की जोशीली पदयात्रा”

 





डॉ सुनील कुमार ओझा

बलिया।। नारी सशक्तिकरण की अलख जगाने के लिए गुरुवार को श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया की छात्राएं सड़कों पर उतरीं और पूरे जोश के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम 2023 के समर्थन में पदयात्रा एवं रैली निकाली। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देश पर आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने बैनर और कार्ड के माध्यम से समाज को जागरूक करने का अनोखा संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि भाजपा जिला उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पांडे रहीं, जिन्होंने पदयात्रा प्रभारी के रूप में छात्राओं का उत्साह बढ़ाया। वहीं विशिष्ट अतिथि सामाजिक कार्यकर्ता भारती सिंह ने रैली का नेतृत्व करते हुए महिलाओं की भागीदारी को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया।

रैली के दौरान “आधी आबादी नहीं, पूरी ताकत है नारी” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। छात्राओं ने संकल्प लिया कि संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33% आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर आवाज बुलंद करती रहेंगी।

कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. दयालानंद राय, प्रो. धर्मेंद्र सिंह, डॉ. अवनीश पांडे सहित महिला प्रकोष्ठ की अध्यक्ष डॉ. निशा, सचिव डॉ. रंजना मिश्रा, उप सचिव डॉ. सुधा राणा व अन्य सदस्य मौजूद रहे। छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने कार्यक्रम को जीवंत और प्रभावशाली बना दिया।