तहसील बांसडीह में डीएम का औचक निरीक्षण, व्यवस्थाओं में सुधार के दिए निर्देश
खतौनी काउंटर पर शुल्क सूची का पोस्टर लगाने के निर्देश, पारदर्शिता पर जोर
बंद पड़ी पानी टंकी और आरओ प्लांट जल्द होंगे चालू, डीएम ने दिए आदेश
पुरानी तहसील भवन को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
बलिया।। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को तहसील बांसडीह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने तहसील के विभिन्न कक्षों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अभिलेखों के रखरखाव व साफ-सफाई की स्थिति देखी। जिलाधिकारी ने आलमारियों में रखी फाइलों का निरीक्षण करते हुए उन्हें सुव्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कंप्यूटराइज्ड खतौनी कक्ष का भी निरीक्षण किया और स्पष्ट निर्देश दिया कि पांच प्रति खतौनी की निर्धारित शुल्क मात्र 15 रुपये है। यदि किसी कर्मचारी द्वारा इससे अधिक धनराशि की मांग की जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी ने एसडीएम को निर्देशित किया कि खतौनी काउंटर पर एक बड़ा पोस्टर लगवाया जाए, जिसमें स्पष्ट रूप से अंकित हो कि पांच प्रति तक खतौनी का शुल्क 15 रुपये है तथा उससे अधिक प्रति होने पर 1 रुपये प्रति कॉपी की दर से शुल्क लिया जाएगा, ताकि आमजन को निर्धारित शुल्क की जानकारी मिल सके और किसी प्रकार की अनियमितता न हो। निरीक्षण के दौरान तहसील परिसर में स्थित बंद पड़ी पुरानी पानी टंकी एवं आरओ प्लांट को तत्काल मरम्मत कर चालू कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही परिसर में खाली पड़ी जमीन को पार्किंग के रूप में विकसित करने को कहा गया, ताकि आने वाले फरियादियों को सुविधा मिल सके। जिलाधिकारी ने पुरानी तहसील भवन को कंडम घोषित करने की प्रक्रिया शुरू करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को जनसुविधाओं को प्राथमिकता देने तथा कार्य में पारदर्शिता बरतने की हिदायत दी। निरीक्षण में एसडीम बांसडीह अभिषेक प्रियदर्शी, तहसीलदार नीतिन कुमार सिंह एवं तहसील के अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।





