Breaking News

भारत-पाकिस्‍तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच वायु सेना ने दो निशानेबाजों को काम पर बुलाया




27 फरवरी 2019 ।।

निशानेबाज रवि कुमार और दीपक कुमार को भारतीय वायु सेना ने काम पर लौटने को कहा है. दोनों निशानेबाजों ने बुधवार को यह जानकारी दी है. भारत और पाकिस्‍तान के बीच बढ़ते तनाव के चलते इस तरह के आदेश काफी आम हैं. भारतीय वायु सेना के मंगलवार को पाकिस्‍तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर हवाई हमलों और बुधवार को पाकिस्‍तान के लड़ाकू विमानों के भारतीय क्षेत्र में आने के बाद दोनों देशों में काफी तनाव है.

इसके चलते सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है. भारत ने पुलवामा में सीआरपीएफ के काफिले पर आतंकी हमले के बाद हवाई हमले किए थे ।
आईएसएसएफ वर्ल्‍ड कप में कांस्‍य पदक जीतने वाले रवि कुमार ने बताया, 'हमें वायु सेना खेल नियंत्रण बोर्ड के सचिव ने बुलाया है. यह सामान्‍य आदेश है जो कि प्रत्‍येक टूर्नामेंट के बाद जारी होता है जिसमें हमसे भावी योजनाओं के बारे में पूछा जाता है. वर्तमान स्थिति के अनुसार हमें निर्देश दिए जाएंगे और हम प्रोटोकॉल का पालन करेंगे.'

रवि वायु सेना के ग्राउंड स्‍टाफ में शामिल हैं. उन्‍होंने बताया कि वह जूनियर वारंट ऑफिसर हैं और उनका काम पांच-छह पोस्‍ट पर नजर रखना है । उन्‍होंने कहा, 'जरूरत पड़ने पर मैं मोर्चे पर जाने को तैयार हूं. पढ़ाई और खेल बाद में आएंगे. देश की सेवा करने के लिए हमेशा तैयार हैं.'

वहीं दीपक कुमार सार्जेंट के रूप में कार्यरत हैं. उन्‍होंने बताया, 'हमें कमांडेंट ने बुलाया है लेकिन यह सामान्‍य प्रक्रिया है. देखते हैं कि उनसे क्‍या बात होती है. हम उनके निर्देशों का पालन करेंगे.' दीपक ने वर्ल्‍ड कप में कांस्‍य और एशियाई खेलों में रजत पदक जीता है.