बलिया मे पुलिस टीम पर ग्रामीणों का खूनी हमला, चितबड़ागांव थाना क्षेत्र के नगपुरा में 'गोरिल्ला युद्ध' जैसे हालात
बलिया।। जनपद के चितबड़ागांव थाना क्षेत्र से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नागपुर गांव में दबिश देने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने अचानक पथराव शुरू कर दिया, जिससे अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में तीन से चार पुलिसकर्मी गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जबकि थाना प्रभारी (SHO) चितबड़ागांव की सरकारी गाड़ी का शीशा भी क्षतिग्रस्त हो गया है।
दबिश के दौरान हुआ अचानक हमला
जानकारी के अनुसार, चितबड़ागांव पुलिस एक आरोपी को पकड़ने के लिए नागपुर गांव पहुंची थी। जैसे ही पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेने की कोशिश की, वहां मौजूद ग्रामीण आक्रोशित हो गए। देखते ही देखते भीड़ ने पुलिस को घेर लिया और पत्थरों की बौछार शुरू कर दी।
गांव की गलियों में 'गोरिल्ला युद्ध'
प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो गांव की गलियों में पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक 'गोरिल्ला युद्ध' जैसी स्थिति बनी रही। ग्रामीण छतों और छिपकर पुलिस पर वार कर रहे थे। हमले की अचानक तीव्रता देख पुलिस कर्मियों को अपनी जान बचाने के लिए पीछे हटना पड़ा। इस हिंसक झड़प में पुलिस टीम के कई जवान चोटिल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें ग्रामीणों का उग्र रूप और पुलिस की लाचारी साफ देखी जा सकती है। वीडियो सामने आने के बाद जिला पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
पुलिस की कार्रवाई घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पुलिस टीम पर हमला करने वालों को चिन्हित किया जा रहा है। आरोपियों के खिलाफ कठोरतम धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।







