Breaking News

शिक्षामित्र सम्मान समारोह: परिवहन मंत्री ने 18-18 शिक्षामित्रों को चेक व प्रमाण पत्र किया वितरण

 




शिक्षामित्रों के लिए बड़ी सौगात अब मिलेगा 18 हजार रुपये मासिक मानदेय

सरकार का बड़ा फैसला 1.43 लाख शिक्षामित्रों को बढ़ा मानदेय, अप्रैल 2026 से लागू

शिक्षामित्रों के चेहरे खिले बढ़े मानदेय और मिला सम्मान


बलिया।। जिले के गंगा बहुद्देशीय सभागार में मंगलवार को भव्य शिक्षामित्र सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी द्वारा मुख्य अतिथि को पुष्प गुच्छ, स्मृति चिन्ह और शॉल भेंट कर सम्मान किया गया।

समारोह के दौरान मंत्री ने 18 शिक्षामित्रों को 18-18 हजार रुपये के चेक वितरित किए तथा उन्हें प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि शिक्षकों को समाज में हर प्रकार का सम्मान मिलना चाहिए और सरकार उनके हितों के लिए लगातार कार्य कर रही है। मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 1 लाख 43 हजार शिक्षामित्रों को प्रतिमाह 18 हजार रुपये मानदेय देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है, जिसे 01 अप्रैल 2026 से लागू कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि इससे पहले वर्ष 2017 में मानदेय 3 हजार से बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया था, जिसे अब बढ़ाकर 18 हजार रुपये कर दिया गया है। साथ ही अनुदेशकों को 17 हजार रुपये वेतन, 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा और सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ भी दिया जाएगा।







कार्यक्रम में योगी आदित्यनाथ के संबोधन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। इस मौके पर मंत्री ने जिले के विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं की घोषणा भी की। उन्होंने बताया कि जिले के वैन से हल्दी तक बाईपास कॉरिडोर का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा भृगु मंदिर कॉरिडोर के लिए 50 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। कटहल नाला निर्माण के लिए 31 करोड़ एवं सफाई कार्य के लिए 02 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं, जिन पर कार्य प्रगति पर है। शिक्षा के क्षेत्र में भी बड़ी पहल करते हुए उन्होंने बताया कि कंपोजिट विद्यालय निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत हो चुकी है और जीजीआईसी स्कूल में भूमि उपलब्ध हो गई है, जहां जल्द निर्माण कार्य शुरू होगा। जिले में रोडवेज डिपो के विकास के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। रसड़ा, बेल्थरारोड और बैरिया में रोडवेज निर्माण की योजना है, जबकि उजियार में निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।



इसके अलावा माल्देपुर से विजयपुर तक गंगा नदी की पानी को रोकने हेतु ठोकर निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। जिले में मेडिकल कॉलेज निर्माण के लिए नारायणपाली में जमीन चिन्हित की गई है और इसके लिए धनराशि भी प्राप्त हो चुकी है। मंत्री ने कहा कि बलिया जिले का समग्र विकास तेजी से हो रहा है और आने वाले समय में यह क्षेत्र प्रदेश के अग्रणी जिलों में शामिल होगा। इस कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, बीएसए मनीष कुमार सिंह एवं समस्त शिक्षामित्र आदि उपस्थित रहे।