शिक्षाजगत को हुई अपूरणीय क्षति : पूर्व प्राचार्य डॉ. हरिहर नाथ द्विवेदी का निधन
डॉ सुनील कुमार ओझा
बलिया।। अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दूबेछपरा, बलिया के पूर्व प्राचार्य डॉ. हरिहर नाथ द्विवेदी के 85 वर्ष की आयु में निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उनके देहावसान से महाविद्यालय परिवार सहित समूचे शिक्षाजगत में शोक की लहर व्याप्त है।
डॉ. द्विवेदी वर्ष 1978 से 1983 तक अमरनाथ मिश्र स्नातकोत्तर महाविद्यालय, दूबेछपरा के प्राचार्य पद पर रहे। उनके कार्यकाल को महाविद्यालय के विकास एवं संस्थागत मजबूती के लिए विशेष रूप से याद किया जाता है। महाविद्यालय को वित्तीय अनुदान प्राप्त होने के समय वे ही प्राचार्य पद पर आसीन थे तथा उनके दूरदर्शी निर्णयों और कुशल प्रशासनिक क्षमता की चर्चा आज भी आदरपूर्वक की जाती है।
तत्पश्चात उन्होंने लखनऊ के प्रतिष्ठित जयनारायण पीजी कॉलेज में प्राचार्य पद को सुशोभित किया। अपनी कार्यकुशलता, सहृदयता और नेतृत्व क्षमता के बल पर उन्होंने प्रशासनिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में भी एक विशिष्ट पहचान स्थापित की।
महाविद्यालय परिवार ने उनके निधन को अपूरणीय क्षति बताते हुए गहरा दुःख व्यक्त किया है। शिक्षकों, कर्मचारियों एवं शुभचिंतकों ने ईश्वर से प्रार्थना की है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति दें।







