खेतों की मिट्टी से उपजा 'डॉक्टर' बनने का सपना, हो गया पूरा
बलिया।। तिखमपुर निवासी किसान राजीव तिवारी के बेटे सृजन तिवारी ने विपरीत परिस्थितियों और सीमित संसाधनों के बीच, नीट परीक्षा में 605 अंक लाकर अपने माता-पिता सहित पूरे जिले का नाम रोशन किया है। कैस्टरब्रिज स्कूल, बलिया से 10वीं और बिरला पब्लिक स्कूल, पिलानी (राजस्थान) से 12वीं की शिक्षा प्राप्त करने के बाद अपने दूसरे प्रयास में सृजन ने यह सफलता हासिल की है। एक साधारण कृषि पृष्ठभूमि से आने वाले इस परिवार के लिए यह राह इतनी आसान नहीं थी। खेती किसानी करने वाले पिता की प्राथमिकता हमेशा अपने बच्चों की पढ़ाई रही। परिवार के दृढ़ संकल्प और बच्चे की लगन ने आखिरकार रंग दिखाया।
सृजन ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के कड़े परिश्रम और उनके विश्वास को दिया है। बताया कि माता-पिता ने काफी मेहनत की और मुझ पर भरोसा किया। उस भरोसे पर खरा उतरने के लिए मैंने पूरी मेहनत और लगन से पढ़ाई की।








