Breaking News

सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवादों पर सख्त हुए डीएम, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

 





सम्पूर्ण समाधान दिवस में भूमि विवादों पर सख्त हुए डीएम, 112 शिकायतों में 10 का मौके पर निस्तारण


बलिया।। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को सदर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में फरियादियों ने अपनी समस्याएं रखीं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं निष्पक्ष निस्तारण के निर्देश दिए। समाधान दिवस में भूमि विवाद, अवैध कब्जा, नाली निकास, वरासत, बैनामा सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें सामने आईं। इनमें सर्वाधिक मामले भूमि विवाद से जुड़े रहे। इस पर जिलाधिकारी ने राजस्व विभाग को निर्देशित किया कि लेखपाल, कानूनगो एवं पुलिस बल की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर पहुंचें और विवादों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 



जनसुनवाई के दौरान चितबड़ागांव क्षेत्र से एक शिकायतकर्ता ने सरकारी तालाब की भूमि पर अतिक्रमण का मामला उठाया। इस सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल-112 मामले आए जिसमें 10 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शिकायत के अनुसार तालाब के किनारे कुछ लोगों द्वारा चार मकान बना लिए गए हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी (ईओ) को तालाब की भूमि की पैमाइश कराकर सीमांकन कराने, खूंटा गाड़कर सरकारी भूमि को चिह्नित करने तथा तालाब की साफ-सफाई कराने के निर्देश दिए। वहीं विकास खंड सोहांव के ग्राम कोरन्डाडीह के एक शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि गांव के कुछ लोग उन्हें उनकी भूमि पर कब्जा नहीं करने दे रहे हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नरही थाना प्रभारी को तत्काल मौके पर पहुंचकर शिकायत की जांच करने और शिकायतकर्ता को उसकी भूमि पर कब्जा दिलाने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम को मौके का मुआयना कर निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए मामले का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। इस अवसर पर एसडीएम सदर अभिनेंद्र सिंह एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।