सीबीएसई की परीक्षा के पहले ही दिन केंद्र के सामने लगा लम्बा जाम, नये नियम की जानकारी न होने से सेंट जेवियर्स स्कूल के सामने लगा जाम
मधुसूदन सिंह
बलिया।। मंगलवार 17 फ़रवरी से सीबीएसई बोर्ड की परीक्षाएं शुरू हो गयी है। परीक्षा की शुचिता बनाये रखने व परीक्षार्थियों को कोई परेशानी न हो, इसके लिये बोर्ड व शासन से कई प्रकार की गाइडलाइन जारी की गयी है। लेकिन परीक्षा के पहले ही दिन सेंट जेवियर्स स्कूल धरहरा बलिया के जिम्मेदारों के द्वारा गाइडलाइन की अवहेलना के चलते स्कूल के सामने भीषण जाम से ट्रैफिक व्यवस्था ध्वस्त हो गयी। लगभग आधे घंटे तक बलिया सिकंदरपुर राजमार्ग पूरी तरफ से आवागमन के लिहाज से ठप्प हो गया। नागाजी सीनियर सेकेण्डरी स्कूल माल्देपुर के शिक्षकों के बार बार शिकायत पर 9.22 बजे स्कूल का गेट खुला तब जाकर बच्चे अंदर गये और जाम हटा।
बता दे कि नई गाइडलाइन के अनुसार जो विद्यालय सड़क के किनारे है और केंद्र बनाये गये है, वहां बच्चों को प्रवेश के लिये निर्धारित समय से आधे घंटे पहले ही विद्यालय परिसर मे प्रवेश करा देना है। इन बच्चों की आवश्यक चेकिंग गेट की बजाय परिसर मे करनी है। मंगलवार को सुबह की परीक्षा 10 बजे से शुरू होनी थी लेकिन बच्चे नये नियम के अनुसरण 9 बजे सेंट जेवियर्स स्कूल धरहरा पहुंच गये। बच्चों के साथ नागाजी विद्या मंदिर के आचार्य भी थे। जब विद्यालय का गेट सुरक्षा गार्ड्स द्वारा नही खोला गया तो आचार्यगणों ने अनुरोध किया, तो गार्ड्स ने कहा कि हमें साढ़े नौ बजे गेट खोलने का आदेश है, हमें नये नियम आदि की कोई जानकारी नही है।
इस आपाधापी मे राजमार्ग पर लम्बा जाम लग गया। जब इस सड़क पर पैदल चलना भी मुश्किल हो गया तो संभवतः प्रशासनिक अमला ने विद्यालय के प्रबंध तंत्र को कोई निर्देश दिया तब जाकर 9.22 बजे गेट को खोला गया। सूच्य हो कि परीक्षा नियम के अनुसार 9.30 बजे से बच्चों की चेकिंग आदि करने के बाद परीक्षा कक्ष मे प्रवेश दिया जाना है। 10 बजे इनको कॉपी दी जानी है जिसपर इनको अनुक्रमांक आदि भरना होता है। सवा दस बजे पेपर मिलता है, जिसको पढ़ने के लिये 15 मिनट का समय मिलता है और साढ़े दस बजे से परीक्षा शुरू हो जाती है।
आज की परिस्थिति कही और जगह उत्पन्न न हो इसके लिये जिला प्रशासन को सभी केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देना चाहिये। जिससे आम जन को जाम के झाम से दो चार न होना पड़े।





