Breaking News

सीएम डैशबोर्ड रैंकिंग पर डीएम सख्त, खराब प्रदर्शन पर जताई नाराजगी : 1200 पीएम आवास अपूर्ण मिलने पर कार्रवाई के दिए निर्देश

 




सी ग्रेड से ए ग्रेड लाने का लक्ष्य, डीएम ने विभागों को दी चेतावनी

निर्माण कार्यों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी, सुधार के दिए सख्त निर्देश


बलिया।। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की रैंकिंग और योजनाओं की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। खराब प्रदर्शन पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तेजी से सुधार के निर्देश दिए।


जिलाधिकारी ने उद्योग विभाग की कम रैंकिंग पर चिंता जताते हुए इसे शीघ्र बेहतर करने को कहा। नगर पालिका परिषद में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत लगभग 1200 आवास अपूर्ण पाए गए, जिस पर उन्होंने निर्देश दिया कि डिफॉल्टर लाभार्थियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा भुगतान हो चुका है तो उसकी रिकवरी सुनिश्चित की जाए। खनन विभाग प्रवर्तन कार्य में बी ग्रेड पर है, लेकिन नोटिस के सापेक्ष वसूली कम होने से रैंकिंग प्रभावित हो रही है। डीएम ने वसूली कार्य में तेजी लाकर रैंकिंग ए ग्रेड में लाने के निर्देश दिए।

पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना में जनपद की रैंकिंग सी ग्रेड होने पर उन्होंने लोन वितरण में तेजी लाने और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने को कहा। रसड़ा नगर पालिका को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक वार्ड में कम से कम 10 लोगों को चिन्हित कर योजना से आच्छादित करें तथा सोलर पैनल लगवाने के लाभों की जानकारी दें। सड़क निर्माण कार्य में जो कार्य पूर्ण हो गया है उस कार्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित किया जाए और जो कार्य अधूरा है उस कार्य को पूर्ण किया जाए।पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग को दशमोत्तर छात्रवृत्ति में सी रैंकिंग पर फटकार लगाते हुए डीएम ने चेतावनी दी कि रैंकिंग ए ग्रेड में न आने पर कार्रवाई तय की जाएगी।

 शादी अनुदान योजना में भी प्रगति संतोषजनक न होने पर सुधार के निर्देश दिए गए। महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण अभियान में डी ग्रेड रैंकिंग पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने अभियान में तेजी लाकर ए ग्रेड में लाने के निर्देश दिए। साथ ही निर्माण कार्यों की खराब रैंकिंग पर भी सख्त रुख अपनाते हुए समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे सीएम डैशबोर्ड की रैंकिंग सुधारने के लिए गंभीरता से कार्य करें और योजनाओं का लाभ पात्रों तक समय से पहुंचाएं। बैठक में सीडीओ ओजस्वी राज, एडीएम अनिल कुमार एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।