दबिश से लौट रही पुलिस टीम की स्कॉर्पियो हादसे का शिकार, दरोगा की मौत, पांच घायल
फाइल फोटो
गोरखपुर।। रामगढ़ताल थाने की पुलिस टीम मंगलवार तड़के सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में दरोगा संतोष कुमार की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस टीम एक मामले में दबिश देकर लौट रही थी। सुबह करीब पांच बजे महराजगंज जनपद के श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के कतरारी चौकी के पास उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित हो गई। वाहन पहले डिवाइडर पर चढ़ा और उसके बाद सड़क किनारे पेड़ से टकरा गया। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में दरोगा संतोष कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में एसएसआई रमेश चंद्र कुशवाहा, महिला दरोगा गीता सहित अन्य पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य खतरे से बाहर हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घने कोहरे और चालक को झपकी आने से वाहन का संतुलन बिगड़ गया, जिससे हादसा हुआ। पुलिस अधिकारियों ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हालचाल लिया और दुर्घटना के कारणों की जांच के निर्देश दिए हैं।घटना की सूचना मृतक दरोगा के परिजनों को दे दी गई है। पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।





