Breaking News

3.80 लाख नौनिहालों को पिलायी जायेगी विटामिन-ए की खुराक




बाल स्वास्थ्य पोषण माह की हो रही तैयारी

28 दिसम्बर से शूरु होगा अभियान जो एक माह चलेगा 

बलिया।।नौनिहालों को कुपोषण से मुक्त रखने के लिए 28 दिसम्बर से शुरू होने वाले बाल स्वास्थ्य पोषण माह की तैयारी की जा रही है। यह अभियान एक माह चलाया जायेगा। यह जानकारी मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ० जयन्त कुमार ने दी।

 मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि नौ माह से पाँच वर्ष तक के सभी बच्चों को छाया वीएचएनडी/ यूएचएनडी सत्रों पर प्रति सप्ताह दो चरणों में विटामिन-ए की खुराक पिलायी जायेगी। उन्होंने बताया कि माह भर चलने वाले इस विशेष अभियान में बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाने के साथ ही उनमें रोग प्रतिरोधक क्षमता बढाने के लिए आवश्यक टीके भी लगाये जायेंगे।







उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा० शशि प्रकाश ने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन के निर्देश पर देश से कुपोषण को समाप्त करने के लिए पूरे एक माह तक चलने वाले इस विशेष अभियान के लिए  एएनएम, आशा एवं आंगनबाडी कार्यकर्ताओं  द्वारा प्रत्येक  सप्ताह में छाया वी एच एन डी/ यू एच एन डी में दो बार बुधवार और शनिवार को विटामिन-ए की खुराक पिलाने का काम किया जायेगा। इस अभियान में खुराक पिलाने के साथ ही इस आयु वर्ग के बच्चों को जीवन रक्षक टीके भी लगाये जायेंगे। अभियान में बच्चों को विटामिन-ए की खुराक पिलाकर उन्हें स्वस्थ जीवन की मुख्य धारा से जोड़ा जायेगा। उन्होंने बताया कि जनपद में 6 माह से12 माह  तक के बच्चों की संख्या लगभग 45 हज़ार 130 है। एक वर्ष से दो वर्ष तक के बच्चों की संख्या 85 हज़ार 30 है। 2 वर्ष से पाँच वर्ष तक के बच्चों की संख्या लगभग 2.73 लाख है।

         पिछले अभियान की उपलब्धि

उप जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ० शशि प्रकाश ने बताया कि साल में दो बार बाल स्वास्थ्य पोषण माह अभियान चलाया जाता है। पिछला अभियान अगस्त 2022 से सितंबर 2022 तक चलाया गया। इस अभियान में 3.80 लाख लक्ष्य के सापेक्ष 3 लाख 948 (95.35) नौनिहालों को विटामिन ए की खुराक पिलाई गयी।