Breaking News

नगरा के निच्छुआडीह में बने अग्निशमन केंद्र का सीएम योगी ने किया वर्चुअल लोकार्पण,बाढ़ चौकी के रूप में भी कार्य करेगा यह केंद्र



संतोष द्विवेदी

नगरा, बलिया।। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने क्षेत्र के निच्छुआडीह में लगभग साढ़े आठ करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित अग्नि शमन केंद्र का मंगलवार को वर्चुअल लोकार्पण किया।अग्नि शमन केंद्र परिसर में प्रोजेक्टर के माध्यम से कार्यक्रम का लाइव प्रसारण दिखाया गया।      

                इस मौके पर सलेमपुर लोक सभा क्षेत्र के सांसद रविन्द्र कुशवाहा ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार जनता की समस्याओं को दूर करने के लिए दृढ़ संकल्पित है। इसी क्रम में अग्नि शमन केंद्र की स्थापना निच्छुआडीह में की गई है। गर्मी के दिनों में अब इस क्षेत्र के लोगो को अगलगी की घटनाओं से काफी राहत मिलेगी। 



विधायक धनंजय कन्नौजिया ने कहा कि प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार किसानों, युवाओं, छात्रों, महिलाओ की सरकार है। सरकार प्रदेश वासियों के हित में कार्य कर रही है। बेल्थरारोड विधान सभा क्षेत्र के विकास के लिए मै संकल्पित हूं। यहां अग्निशमन केंद्र की स्थापना हो जाने से बेल्थरारोड विधान सभा क्षेत्र के आलावा सिकन्दरपुर विधान सभा क्षेत्र के हजारों किसानों को अगलगी की घटनाओं से राहत मिलेगी। 







पुलिस अधीक्षक राज करन नय्यर ने कहा कि इस अग्नि शमन केंद्र की सबसे बड़ी उपलब्धि यह है कि यह आवासीय है तथा बाढ़ चौकी के रूप में भी कार्य करेगा। इससे पूर्व सांसद, विधायक एवं एसपी ने मुख्यमंत्री के वर्चुवल संबोधन के साथ ही संयुक्त रूप से शिला पट्ट का पर्दा हटाकर अग्नि शमन केंद्र को जनता को सुपुर्द किया।

इस मौके पर मुख्य अग्नि शमन अधिकारी धीरेन्द्र सिंह यादव,जेई रत्नेश कुमार, सहायक अभियंता बीआर मौर्य,भाजपा नेता छट्ठू राम, अरविंद नारायण सिंह, राज कुमार कन्नौजिया, शशिप्रकाश तिवारी सहित काफी संख्या में पुलिस एवं आम लोग उपस्थित रहे। थानाध्यक्ष नगरा संजय कुमार सरोज ने आगंतुक अतिथियों का आभार प्रकट किया।


बहुप्रतीक्षित अग्नि शमन केंद्र का सीएम योगी ने किया वर्चुअल लोकार्पण

नगरा बलिया ।। क्षेत्र के निच्छुआडीह में नवनिर्मित अग्नि शमन केंद्र का मुख्यमंत्री द्वारा मंगलवार को वर्चुअल लोकार्पण किया गया। मुख्य अग्नि शमन अधिकारी धीरेन्द्र सिंह यादव ने बताया कि आज से यह अग्नि शमन केंद्र कार्य करना शुरू कर देगा। इस अग्नि शमन केंद्र पर एक फायर टैंकर उपलब्ध हो गया है, जिसकी क्षमता 4500 गैलन है। यहां पर एक एक चालक, एक वरिष्ठ अग्नि शमक चार फायरमैन की तैनाती कर दी गई है। मार्च 2022 तक अन्य जरूरी सुविधाएं व कर्मचारी उपलब्ध करा दिया जाएगा।