Breaking News

नगरा बलिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 180 जोड़ो ने ली जन्म जन्मांतर तक साथ रहने की कसमें


 नगरा बलिया : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 180 जोड़ो ने ली जन्म जन्मांतर तक साथ रहने की कसमें
संतोष द्विवेदी










नगरा बलिया 11 दिसम्बर 2019 ।।मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जमुआव स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार को धूमधाम से सामूहिक विवाह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 180 जोड़े जन्म जन्मांतर के लिए एक दूसरे के हो गए। इसमें इसमें तीन मुस्लिम जोड़े भी शामिल रहे।घर गृहस्थी के सामान संग सभी जोड़ों को आशीर्वाद के साथ विदा किया गया। सामूहिक विवाहोत्सव का शुभारम्भ मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल,भाजपा नेता एवं अभिनेता दिनेशलाल यादव निरहुआ, जिलाध्यक्ष जय प्रकाश साहू के साथ विधायक धनंजय कन्नौजिया ने दीप प्रज्वलित कर किया।
          नगरा ब्लाक के जमुआव स्थित शिव मन्दिर के प्रांगण में आयोजित समारोह में 180 जोड़े अग्नि को साक्षी मानकर एक दूजे के हो गए। इसमें तीन मुस्लिम जोड़ों का निकाह पढ़ा गया। समारोह स्थल पर खचाखच भरे पंडाल में विधायक धनंजय कन्नौजिया ने अपनी पत्नी सुधा रानी के साथ सभी कन्याओं का कन्यादान किया। सामूहिक विवाह के साक्षी क्षेत्र के सैकड़ों लोग बने।सामूहिक विवाह समारोह में जहा मुस्लिम कन्याओं रेहाना, शबाना व सबनम का निकाह पढ़वाया गया। वहीं काशी से पधारे वैदिक विद्वानों अभय पांडेय, अमित पांडेय व मिथिलेश पांडेय ने 178 हिन्दू कन्याओं का विवाह पारम्परिक रीति रिवाज से संपन्न कराया। विद्वानों ने विवाह के क्रम में द्वारपूजा,डाल पूजा, पाणिग्रहण, सिंदूर दान आदि कार्य सम्पन्न कराया। इसके बाद सभी जोड़ो को वस्त्र, बर्तन, मिष्ठान, फल, संग घरेलू उपयोग के सामान प्रदान किए। समारोह में मौजूद मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल, विधायक सुरेंद्र सिंह,भाजपा नेता दिनेश लाल यादव निरहुआ व जिलाध्यक्ष जेपी साहू ने सभी वर, वधुओं को आशीर्वाद दिया। सीडीओ बद्रीनाथ सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी तिलकधारी, बीडीओ नगरा राम अशीष, शम्भुनाथ आचार्य, आलोक शुक्ला, ब्लाक अध्यक्ष अरविंद नारायण सिंह, देवनारायण प्रजापति, अशोक गुप्ता, शशि प्रकाश तिवारी, विपिनबिहारी मिश्रा, गुड्डू पांडेय सहित सैकड़ों गणमान्य नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, वर वधू पक्ष के लोग मौजूद रहे। संचालन शिक्षाविद् डॉ विद्यासागर उपाध्याय ने किया। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टि से उभाव, नगरा व भीमपुरा पुलिस मुस्तैद रही।
सीएम योगी की सोच, बेटियां उनकी जिम्मेदारी : आनंद स्वरुप शुक्ल
नगरा बलिया ।। जमुआव में विधायक धनंजय कन्नौजिया द्वारा आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री आनंद स्वरूप शुक्ल ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सोच है कि बेटिया उनकी जिम्मेदारी है। इसको ध्यान में रखकर सामूहिक विवाह योजना की नीव रखी गई, जो आज धरातल पर दिखाई दे रही है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना समाज में दहेज जैसी कुप्रथा को दूर करने में काफी सहायक साबित हो रही है। उन्होंने सभी जोड़ों के सुखी एवं स्वस्थ जीवन की मंगलकामना की।
180 कन्याओं का विवाह संपन्न कराना सराहनीय कार्य : निरहुआ
नगरा बलिया 11 दिसम्बर 2019 ।। बुधवार को जमुआव में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में पहुंचे भाजपा नेता व भोजपुरी फिल्मों के प्रसिद्ध अभिनेता दिनेश लाल यादव निरहुआ ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 180 जोड़ों का विवाह कराकर विधायक धनंजय कन्नौजिया ने बहुत ही सराहनीय एवं नेक कार्य किया है। भोजपुरी अभिनेता ने कहा कि समाज के बुद्धिजीवी वर्ग को ऐसे नेक कार्यों में बढ़चढ़ कर भाग लेना चाहिए तथा सहयोग भी करना चाहिए।
थानाध्यक्ष उभांव की ततपरता से 4 चेन स्नेचर महिलाये हुई गिरफ्तार
नगरा क्षेत्र के जमुआव स्थित शिव मंदिर परिसर में बुधवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में तत्परता दिखाते हुए उभाव थानाध्यक्ष योगेन्द्र प्रताप सिंह ने चार चेन स्नेचर महिलाओं को चिन्हित कर हिरासत में ले लिया। ये महिलाएं भीड़ का लाभ उठाने के लिए समारोह स्थल पर पहुंची थी लेकिन अपने कार्य को अंजाम देने से पहले ही पुलिस की गिरफ्त में आ गई।