Breaking News

IND vs AUS: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रनों से मात देकर पायी वनडे की 500 वी जीत ,विराट बने मैन ऑफ द मैच




5 मार्च 2019 ।।

टीम इंडिया ने नागपुर में खेले गए दूसरे वनडे मैच में ऑस्‍ट्रेलिया को 8 रन से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त ले ली है. इस मैच में 'विराट सेना' ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 48.2 ओवर में 250 रन का स्कोर बनाया और फिर मेहमान ऑस्‍ट्रेलिया को 49.3 ओवर में 242 रन पर ढेर करते हुए जीत हासिल की है ।यह भारतीय टीम की वनडे क्रिकेट में 500 वी जीत है ।

बहरहाल, 251 रन का लक्ष्‍य लेकर उतरी कंगारू टीम की पारी की शुरुआत कप्‍तान एरॉन फिंच और उस्‍मान ख्‍वाजा ने की. दोनों ने पहले विकेट के लिए 14.3 ओवर में 83 रन जोड़कर भारतीय गेंदबाजों का पसीना छुड़ा दिया. इस जोड़ी को कुलदीप यादव ने फिंच (37) को एलबीडब्‍ल्‍यू करके तोड़ा. इसके बाद अगले ही ओवर में केदार जाधव ने उस्‍मान ख्‍वाजा (38) को विराट कोहली के हाथों कैच करवाकर पवेलियन लौटा दिया. 122 रन के स्‍कोर भारत को तीसरा विकेट शॉन मार्श के रूप में मिला, जो कि रवींद्र जडेजा की गेंद पर धोनी के हाथों कैच हुए.

फिर बारी आई जसप्रीत बुमराह की, जिन्‍होंने अपने 9वें और पारी के 46वें ओवर में नाथन कूल्‍टर नाइल और पैट कमिंस के विकेट निकालकर भारत को मैच में ला दिया है. यकायक स्‍कोर 223/8 हो गया और ऑस्‍ट्रेलिया को जीत के लिए 24 गेंदों पर 28 रन बनाने थे. 47वें ओवर में शमी ने सात रन तो 48वें ओवर में बुमराह ने एक रन दिया. अब जीत के लिए 12 गेंदों पर 20 रन बनाने थे. 49वां ओवर शमी ने किया और इसमें 9 रन बने, लिहाजा अंतिम ओवर में हार-जीत का आंकड़ा छह‍ गेंद पर 11 रन हो गया. शमी, कुलदीप, बुमराह और जडेजा के ओवर खत्‍म हो चुके थे और अब अंतिम ओवर डालने के लिए कोहली के पास केदार जाधव और विजय शंकर ही बचे थे और ऐसे में उन्‍होंने शंकर पर दांव खेला. जबकि उन्‍होंने तीन गेंदों पर अंतिम दो विकेट निकाल कर जीत तय कर दी.

भारत की ओर से कुलदीप यादव ने सबसे अधिक तीन तो जसप्रीत बुमराह और विजय शंकर ने दो-दो विकेट लिए. जबकि एक विकेट रवींद्र जडेजा को मिला. वहीं भारत की जीत का हीरो कप्‍तान कोहली को चुना गया.

विराट कोहली बने मैन ऑफ द मैच
जबकि इस जीत के साथ भारत ने नागपुर के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अजेय क्रम बरकरार रखा है. दोनों टीमो के बीच यह अब तक का चौथा मैच था और भारत हर बार बाजी मारी है.

भारत ने दिया था 251 रन का लक्ष्‍य
नागपुर के विदर्भ क्रिकेट संघ (वीसीए) स्टेडियम में खेल गए दूसरे मैच में टॉस जीतकर ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान एरॉन फिंच ने भारत को पहले बल्‍लेबाजी का मौका दिया. लेकिन 'विराट सेना' ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों ने के सामने 48.2 ओवर में 250 रन पर ही ढेर हो गई. हालांकि कप्तान विराट कोहली की 120 गेंदों पर 10 चौकों की मदद से 116 रन की पारी खेलकर दम दिखाया, लेकिन अन्‍य बल्‍लेबाजों के खराब प्रदर्शन की वजह से बड़ा स्‍कोर खड़ा नहीं हो सका.

रोहित शर्मा और शिखर धवन ने पारी को शुरू किया, लेकिन वह (रोहित) पहले ओवर की आखिरी गेंद पर पैट कमिंस का शिकार बने. जब वह आउट हुए तब टीम का खाता भी नहीं खुला था. इसके बाद कोहली ने शिखर धवन (21) के साथ टीम का स्‍कोर 38 रन तक पहुंचाया. ग्लैन मैक्सवेल ने धवन को एलबीडब्ल्यू करके पवेलियन लौटाया. वहीं अंबाती रायडू (18) भी ऑफ स्पिनर नाथन लॉयन का शिकार हो गए और यकायक भारत का स्‍कोर तीन विकेट के नुकसान पर 75 रन हो गया.

हालांकि बल्‍लेबाजी क्रम में ऊपर आने वाले विजय शंकर ने कोहली के साथ चौथे विकेट के लिए 81 रन जोड़कर स्थिति को संभाल लिया था, लेकिन वह दुर्भाग्यशाली तरीके से रन आउट हुए. कोहली ने एडम जाम्पा की गेंद पर सीधा शॉट खेला जो उनकी (जाम्पा) उंगली से टकरा कर विकेट पर जा लगा और विजय आउट हो गए. उन्‍होंने 41 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के की मदद से 46 रनों की पारी खेली.

इसके बाद भी भारत के लिए चिंता की कोई बात नहीं थी, क्‍योंकि पिछले मैच के हीरो केदार जाधव और धोनी का बल्‍लेबाजी के लिए अभी आना बाकी था. लेकिन इसके बाद जो हुआ उसने भारतीय समर्थकों का दिल तोड़ दिया. एडम जाम्‍पा ने एक ही ओवर में जाधव (11) और धोनी (0) पवेलियन भेजकर भारत के सामने मुश्किल खड़ी कर दी.

हालांकि एक छोर पर खड़े कोहली ने रवींद्र जडेजा (21) के साथ 87 रन जोड़ टीम को अच्छे स्कोर की तरफ ले जाने का दम दिखाया. यह जोड़ी कुछ और रन जोड़ सकती थी, लेकिन 238 रन के स्‍कोर पर कमिंस ने जडेजा को आउट कर दिया. वह उस्मान ख्वाजा के हाथों कैच हुए. जबकि 40वां वनडे शतक लगाकर खेल रहे कोहली की पारी का अंत 48वें ओवर की पहली गेंद पर कमिंस ने किया. वहीं कुलदीप यादव 249 और जसप्रीत बुमराह 250 के स्‍कोर पर आउट हुए.
कोहली ने साथ ही इस मैदान के एक रिकॉर्ड को कायम रखा है. इस मैदान पर जब भी मैच हुआ है भारत के किसी न किसी बल्लेबाज ने शतक जमाया. कोहली का वीसीए मैदान पर यह दूसरा शतक है.


ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने सबसे अधिक चार विकेट लिए. जबकि एडम जाम्पा को दो विकेट मिले. इसके अलावा नाथन कूल्‍टर-नाइल, ग्‍लेन मैक्सवेल और नाथन लायन को एक-एक विकेट मिला ।