बोले डीएम देवरिया : ऋण आवेदनो के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर होगी कार्यवाही
बोले डीएम देवरिया : ऋण आवेदनो के निस्तारण में शिथिलता बरतने पर होगी कार्यवाही
देवरिया 20 फरवरी 2019 ।। शासन की जन कल्याणकारी लाभार्थीपरक प्राप्त ऋण आवेदनो को बैंकर्स व्यक्तिगत रुचि लेकर निस्तारण करें, जिससे पात्रों को समय से ऋण मिल सके और वे अपने जीवन स्तर को उपर उठाने के साथ-साथ प्रदेश/देश के विकास की राह में भागीदार हो सके। इस कार्य में शिथिलता बरते जाने पर संबंधित के विरुद्व कडी कार्यवाही की जायेगी।
जिलाधिकारी अमित किशोर ने विकास भवन स्थित गांधी सभागार में आयोजित बैंकर्स की बैठक में बैकों के कार्यो की गहनता से समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरुप आवेदनों का निस्तारण न पाये जाने पर उपराक्त निर्देश दिए। उन्होने कहा कि शासन छोटे से छोटे कार्य हेतु ऋण मुहैया कराने के लिए भिन्न-भिन्न प्रकार की जन हितकारी योजनायें संचालित की जा रही है, परन्तु बैंको की शिथिलता के कारण उनका उद्देश्य पूर्ण नही हो पा रहा है और आम जन को अपने जीवन स्तर उपर उठाने में बाधा हो रही है। उन्होने बैंको की कार्य प्रणाली पर नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि ऋण संबंधित पत्रावलियां जो भी लम्बित है, उन्हे नियमानुसार अतिशीघ्र निस्तारित करें, जिससे ऋण आवेदक अपना कार्य समय रहते प्रारम्भ कर योजना का लाभ प्राप्त कर सके। उन्होने एल0डी0एम0 को निर्देश दिए कि इस कार्य हेतु आप अपने स्तर पर प्रत्येक दिन शाम को समीक्षा कर मुख्य विकास अधिकारी को अवगत करायें, जिससे कार्यो की प्रगति में तेजी आ सके। उन्होने कहा कि जो बैंक सबसे अच्छा कार्य करेगी, उसको बडे खाते खोलने का अवसर मिलेगा और शिथिलता बरतने व लक्ष्य पूर्ति न करने वालो के विरुद्व कार्यवाही होगी।नवागत मुख्य विकास अधिकारी शिव शरणप्पा जी0एन0 ने उक्त अवसर पर कहा कि निर्वाचन कार्य हेतु निर्धारत प्रारुप पर बैंको द्वारा चाही गयी सूचना आॅन लाईन अभी तक नही दी गयी है, जो बहुत ही खराब स्थिति है। इस कार्य को आज ही प्रत्येक दशा में आॅनलाईन तैयार कर सभी संबंधित भेजवाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी स्तर पर बरती गयी लापरवाही/शिथिलता क्षम्य नही होगी।
बैठक में जिला विकास अधिकारी कृष्ण पाण्डेय, एल0डी0एम0 बी0एस0 मीणा, सहित विभिन्न विभागो व बैंकों के अधिकारी आदि उपस्थित थे।





