Breaking News

विकास भवन में डीएम का औचक निरीक्षण, साफ-सफाई से लेकर उपस्थिति तक की जांच

 





पेंशनधारकों को न हो परेशानी, लंबित मामलों का समय से करें निस्तारण : डीएम

पेंशन मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, डीएम ने दी कठोर कार्रवाई की चेतावनी

लंबित पेंशन प्रकरणों पर डीएम सख्त, समय सीमा में निस्तारण के दिए निर्देश


बलिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को विकास भवन स्थित जिला समाज कल्याण कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का अवलोकन कर उनकी उपस्थिति की स्थिति जांची। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला समाज कल्याण अधिकारी को स्पष्ट निर्देश दिया कि पेंशन से संबंधित सभी लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा के भीतर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि पेंशनधारकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समय से पेंशन का लाभ मिल सके।


जिलाधिकारी ने सभी कर्मचारियों को समय से कार्यालय पहुंचने और पूरी निष्ठा एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। पेंशन संबंधी मामलों में अनावश्यक देरी या लापरवाही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के रखरखाव और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों और पेंशनधारकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण में सीआरओ गुलशन, जिला समाज कल्याण अधिकारी रमेश कुमार एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।