जनगणना-2027 के प्रशिक्षण से आठ प्रगणक रहे अनुपस्थित, कार्रवाई की संस्तुति
बलिया।। जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण में बिना पूर्व सूचना और अवकाश स्वीकृति के अनुपस्थित रहने वाले आठ प्रगणकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की संस्तुति की गई है। इन प्रगणकों की अनुपस्थिति को जनगणना कार्य में लापरवाही, अनुशासनहीनता और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना के रूप में देखा गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का प्रशिक्षण 26 से 28 अक्टूबर 2026 तक सेंट जेवियर्स स्कूल, धरहरा, सिकंदरपुर रोड, बलिया में आयोजित किया गया है। प्रशिक्षण में प्रगणकों की उपस्थिति अनिवार्य की गई थी। इसके बावजूद 26 अक्टूबर को आठ प्रगणक बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। अनुपस्थित प्रगणकों में सोहांव ब्लॉक के मृत्युंजय सिंह, गड़वार ब्लॉक की जूली प्रवीन, हनुमानगंज ब्लॉक की माधू तिवारी, रिकी सिंह एवं विनय राय, बेलहरी ब्लॉक के दिनेश कुमार एवं प्रविन्द यादव तथा दुबहड़ ब्लॉक के शशांक शेखर प्रकाश राय शामिल हैं। इस संबंध में जारी निर्देश में संबंधित अधिकारियों से कहा गया है कि अनुपस्थित प्रगणकों के विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रशिक्षण के दौरान अनुपस्थिति को गंभीरता से लिया गया है। फिलहाल संबंधित प्रगणकों के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की संस्तुति की गई है।








