Breaking News

70 अज्ञात शवों को सदगति के लिये संरक्षक पीएन सिंह ने किया त्रिपिंडी श्राद्ध :सनबीम स्कूल में अंतिम संस्कार दल देवाश्रम की मनाई गयी प्रथम वर्षगांठ




बलिया।। आज के मशीनी युग में जहाँ हर कोई धन कमाने के मायावी चकोह में आकंठ डूबा है वहीं कतिपय कर्मयोगियों द्वारा अनूठे सामाजिक कार्य मिसाल और प्रेरणा प्रस्तुत कर रहे हैं। महर्षि भृगु के पावन धरा पर देवाश्रम के रूप मे विगत एक वर्ष से मानवता की अनुपम मशाल अनवरत जल रही है। करुणा से उपजा यह संकल्प अब सेवा भाव बन चुका है।एक तरफ जहां आधुनिकता की दौड़ मे भाग रही युवा पीढ़ी अपने परिजनों के अंतिम संस्कार मे भी शामिल होने से कतरा रही है, वही पीएन सिंह जैसे लोग अज्ञात शवों का न सिर्फ सम्मान के साथ अंतिम संस्कार कर रहे है बल्कि एक साल बाद अस्थि कलशो को त्रिपिंडी श्राद्ध कर्म के द्वारा गंगा व अन्य नदियों मे विसर्जित करके इनको सदगति मिले इसका प्रयास कर रहे है। श्री पीएन सिंह, डॉ कुंवर अरुण सिंह गामा और इनकी पूरी देवाश्रम टीम की जितनी भी प्रशंसा की जाय, कम होंगी।

     सनबीम स्कूल के शिक्षक व  मीडिया प्रभारी नवचन्द्र तिवारी ने बताया कि सेवा समिति मिल रोड परदह मऊ द्वारा संचालित बलिया शाखा के देवाश्रम संस्था के सदस्यों को जब किसी अज्ञात शव की सूचना मिलती है, परिजन के अभाव में जब कोई कंधा देने वाला नहीं होता तब दल के सदस्य सक्रिय होकर अविलंब धार्मिक परंपरा के अनुरूप गंगा घाट पर शव की अंतिम क्रिया ससम्मान करते हैं।

    






संस्था के तत्वावधान में अगरसंडा स्थित सनबीम स्कूल के अभ्येति हाल में इसके प्रथम वर्षगांठ का आयोजन हुआ। पिछले वर्ष 10 नवंबर को इसकी स्थापना हुई थी। देर शाम तक चले इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वरिष्ठ समाजसेवी अरविंद शुक्ल एवं विशिष्ट अतिथि जयप्रकाश नारायण विश्वविद्यालय छपरा के पूर्व कुलपति प्रो हरिकेश सिंह के कर कमलों द्वारा तुलसी वेदी के दीप प्रज्वलन पश्चात कार्यक्रम की शुरुआत हुई। विद्यालय के संगीत संकाय के बच्चों द्वारा निर्गुण गाकर भावभीनी प्रस्तुति दी गई। तत्पश्चात विद्यालय के शिक्षक और साहित्यकार नवचंद्र तिवारी ने संस्था के सम्मान में अपने निर्गुण गीत की प्रस्तुति से उपस्थित सुधीजनों को प्रभावित किया।










      सनबीम विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह के सहयोग द्वारा इस पुनीत कार्य  के अवसर पर कार्यक्रम में आए सभी अतिथियों, दानदाताओं व समाज सेवियों, पत्रकारों एवं सदस्यों को मुख्य अतिथि तथा विशिष्ट अतिथि द्वारा मोमेंटम व शाल देकर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि व विशिष्ट अतिथि ने इस पावन कार्य की  सराहना करते हुए कहा कि जय शिव, जय शव ही मानवता का मूलमंत्र है। हम इस जनपद में अभूतपूर्व और अनुपम मिसाल देख रहे हैं। अब तक बिना किसी शासकीय सहायता के 70 यतीम शवों का अंतिम संस्कार हो चुका है। प्रत्येक शव पर न्यूनतम ₹5000 खर्च आता है। इस पुनीत कर्तव्य में लोगों की भागीदारी बढ़नी चाहिए। अतिथियों द्वारा सेवा भाव में लगे सहयोगियों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की गई।



     इस अवसर पर 'अंतिम संस्कारी दल देवाश्रम' की शुरुआत करने वाले पीएन सिंह, जिलाध्यक्ष दीप नारायण सिंह, उपाध्यक्ष अनिल प्रताप नारायण, महामंत्री गणेश प्रसाद, मंत्री भरत प्रसाद, संगठन मंत्री रामाश्रय वर्मा, संयुक्त मंत्री जय प्रकाश कनौजिया, नंदिनी तिवारी,अशोक कुमार सिंह, उपेंद्र सिंह,वरिष्ठ पत्रकार सुधीर ओझा, वरिष्ठ पत्रकार मधुसूदन सिंह, वरिष्ठ पत्रकार शशिकांत ओझा,शिवकुमार सिंह कौशिकेय, भानु प्रताप सिंह, रजनी कांत सिंह, जिलि फुटबॉल सचिव पंकज सिंह, नीतीश जी, शक्ति सिंह, अजय पांडेय, युवा लेखक अभिषेक मिश्रा, विद्यालय के सचिव श्रीवत्स सिंह, प्रशासक संतोष कुमार चतुर्वेदी, उपप्रधानाचार्य पंकज सिंह, समन्वयकगण जयप्रकाश यादव एवं प्रशांत उपाध्याय, अंकित, अमित, विशाल, मुर्शिद खान संग शिक्षकगण तथा बड़ी संख्या में जनपद के गणमान्य, समाजसेवी, पत्रकार आदि उपस्थित रहे। संचालन राजेश विक्रम सिंह तथा अमरेन्द्र सिंह ने किया। अंत में सनबीम स्कूल के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने दल के कार्य को रेखांकित करते हुए सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया।