आस्था के सागर में डूबा दुबहर क्षेत्र, छठ व्रतियों ने अस्ताचलगामी सूर्य को अर्पित किया अर्घ्य
दुबहर, बलिया।।लोक आस्था, पवित्रता और सूर्य उपासना के महापर्व डाला छठ पर रविवार को दुबहर क्षेत्र के गांवों में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम दृश्य देखने को मिला। ग्राम पंचायत ओझा कछुआ, दुबहर, बसरिकापुर, अखार, घोड़हरा, नगवा, किशुनिपुर, नई बस्ती बयासी सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों में व्रती महिलाओं ने पारंपरिक विधि-विधान से अस्ताचलगामी भगवान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।
छठ पूजा को लेकर सुबह से ही घरों में तैयारियों का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम होते ही सिर पर पूजन सामग्री से सजे दउरा और सूप लेकर व्रती महिलाएं परिजनों के साथ छठ घाटों पर पहुंचीं। जलाशयों और नदी तटों पर पहुंचकर श्रद्धालुओं ने भगवान सूर्य की उपासना की। जैसे ही अस्ताचलगामी सूर्य की लालिमा क्षितिज पर छाई, वैसे ही श्रद्धा और विश्वास के साथ व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया।
छठी मइया के पारंपरिक गीतों और भक्तिमय वातावरण से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। घाटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, दीपों की रोशनी और पूजा की पारंपरिक छटा ने पर्व की सुंदरता को और बढ़ा दिया। चारों तरफ भक्ति, समर्पण और लोक संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस रही मुस्तैद
छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र के सभी छठ घाटों पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। स्थानीय थानाध्यक्ष बृजेश कुमार सिंह एवं उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव स्वयं विभिन्न घाटों का चक्रमण करते रहे और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते रहे। पुलिसकर्मियों की सक्रियता से घाटों पर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिली।
मान्यता के अनुसार, छठ व्रत संतान की सुख-समृद्धि, दीर्घायु और परिवार की मंगलकामना के लिए पूरी श्रद्धा एवं निष्ठा के साथ किया जाता है। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।










