जेएनसीयू के कुलपति के कार्यकाल का हुआ विस्तार, परिसर मे ख़ुशी का माहौल
बलिया।। जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के कार्यकाल का विस्तार किए जाने पर विश्वविद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है। कुलपति का कार्यकाल 14 मई 2026 को समाप्त हो रहा था,वर्तमान में विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति में समय लगने की संभावना है राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने कुलपति को नियमित कुलपति की नियुक्ति होने अथवा 6 माह की अवधि अथवा अग्रिम आदेशों तक जो भी पहले हो जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय बलिया के कुलपति पद के दायित्व के निर्वहन करते रहेंगे l
उच्च शिक्षा एवं शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा देने वाले प्रो. गुप्ता के नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने गत वर्षों में अनेक महत्वपूर्ण उपलब्धियाँ अर्जित की हैं।प्रो. संजीत कुमार गुप्ता के कार्यकाल विस्तार की सूचना मिलते ही शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों में उत्साह देखा गया। विश्वविद्यालय परिसर में विभिन्न विभागों के शिक्षकों एवं छात्रों ने उन्हें शुभकामनाएँ देते हुए इसे विश्वविद्यालय के निरंतर विकास एवं प्रगति की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
अपने कार्यकाल के दौरान प्रो. गुप्ता ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार, शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने तथा विश्वविद्यालय की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय ने अकादमिक, सांस्कृतिक एवं शोध गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रगति दर्ज की है।विश्वविद्यालय परिवार के सदस्यों ने आशा व्यक्त की कि प्रो. गुप्ता के मार्गदर्शन में विश्विद्यालय नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा तथा शिक्षा, शोध एवं गुणवत्ता के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान को और मजबूत करेगा।इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव एस. एल. पाल, निदेशक शैक्षणिक डॉ पुष्पा मिश्रा, कुलानुशासक डॉ प्रियंका सिँह, डॉ विनीत सिंह सहित शिक्षकों, अधिकारियों, कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों ने कुलपति को बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।







