Breaking News

अखिलेश यादव शर्म करों, के नारे के साथ बीजेपी महिला विंग की सदस्यों ने किया कलेक्ट्रेट पर जोरदार प्रदर्शन, डीएम के माध्यम से राष्ट्रपति को भेजा ज्ञापन

 



बलिया।। कुछ दिन पूर्व में समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर की गई अभद्र टिप्पणी के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा ने गुरुवार को जिला मुख्यालय पर एक बड़ा प्रदर्शन किया।इस दौरान महिलाओं ने राष्ट्रपति के नाम लिखे ज्ञापन जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह को सौंपा।इस प्रदर्शन में सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया और समाजवादी पार्टी के खिलाफ अपनी आवाज उठाई। प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने हाथों में तख्तियां ले रखी थीं, जिन पर विभिन्न नारे लिखे हुए थे। इनमें "अखिलेश यादव शर्म करो", "प्रधानमंत्री का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान", "सपा सांसद माफी मांगो" जैसे नारे शामिल थे।

इस विरोध प्रदर्शन में  महिला आयोग उत्तर प्रदेश की सदस्य सुनिता श्रीवास्तव,  जिला उपाध्यक्ष कृष्णा पाण्डेय समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ती उपस्थित रहीं। प्रदर्शनकारियों ने एकजुट होकर समाजवादी पार्टी की नीतियों और उनके सांसद की टिप्पणी की कड़ी निंदा की।





सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद की टिप्पणी न केवल अपमानजनक है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति और मूल्यों के खिलाफ भी है। उन्होंने सभी महिलाओं से अपील की कि वे इस तरह की टिप्पणियों के खिलाफ एकजुट होकर खड़ी हों।

महिलाओं ने अपने नारेबाजी के माध्यम से यह संदेश दिया कि वे अपने प्रधानमंत्री का सम्मान करती हैं और किसी भी प्रकार के अपमान को बर्दाश्त नहीं करेंगी। जिला उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पाण्डेय ने कहा कि समाजवादी पार्टी को अपने सांसद की टिप्पणी के लिए माफी मांगनी चाहिए। प्रदर्शन में  कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ नागरिकों की आशा, विश्वास और नए भारत के संकल्प के प्रतीक हैं। उनके खिलाफ इस प्रकार की अभद्र और अमर्यादित टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत है। जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा ने कहा कि ऐसी अभद्र बयानबाजी केवल एक व्यक्ति का नहीं, बल्कि देश की जनता की भावनाओं का भी अपमान है।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता राष्ट्रहित, लोकतांत्रिक आदर्शों और सम्मानजनक राजनीतिक परंपराओं की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भाजपा किसी भी प्रकार की अशोभनीय भाषा और राजनीतिक स्तरहीनता को स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में मर्यादा और सम्मान बनाए रखना सभी जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।

भाजपा नेताओं ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री के खिलाफ अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने विपक्षी दलों से राजनीतिक संवाद में शालीनता बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ आलोचना होनी चाहिए।इस मौके पर विजया लक्ष्मी सिंह, संध्या पाण्डेय,सोनी तीवारी,स्वेता राय,रुपा सिंह,मीरा सिंह, सुशीला देवी,गीता वर्मा,मीरा पटेल उपस्थित रही। संचालन जिला उपाध्यक्ष श्रीमती कृष्णा पाण्डेय ने किया।