Breaking News

दिवंगत रसोइया की पुत्री के विवाह मे दुबहर के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने निभाई मानवीय जिम्मेदारी

 





दुबहर बलिया।। उच्च प्राथमिक विद्यालय बसरीकापुर की दिवंगत रसोइया स्वर्गीय धर्मावती देवी जी की सुपुत्री प्रियंका शर्मा के विवाह अवसर पर दुबहर ब्लॉक के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अद्भुत संवेदनशीलता और सामाजिक प्रतिबद्धता का परिचय देते हुए सराहनीय पहल की। उल्लेखनीय है कि बिटिया के पिता का भी पूर्व में देहावसान हो चुका है, ऐसे में विवाह की व्यवस्था परिवार के लिए एक बड़ी चुनौती थी।

जरूरतमंद बिटिया के विवाह में सहयोग के लिए विद्यालय परिवार के आग्रह पर सहयोग की पहल नव नियुक्त एआरपी श्री आशुतोष कुमार सिंह द्वारा की गई। उनके प्रेरक प्रयास तथा उ०प्र० प्रा० शि० संगठन, ब्लॉक इकाई दुबहर के मंत्री श्री समरजीत बहादुर सिंह, जिला मंत्री (शिक्षा मित्र) श्री शशिकांत चौबे एवं एआरपी श्री आशुतोष सिंह के संयुक्त आवाहन पर मात्र 24 घंटे के भीतर दुबहर ब्लॉक के शिक्षक-शिक्षिकाओं ने उत्साहपूर्वक अहेतुक सहयोग प्रदान किया।

एकत्रित सहायता राशि से वधू को सोने का लॉकेट, कान की बाली, चांदी की अष्टलक्ष्मी स्मारिका, कूलर, टेलीविजन तथा कुर्सी-टेबल सेट सप्रेम भेंट किए तथा  वर-वधु के सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। 


सहयोग के इस सामूहिक प्रयास ने यह सिद्ध कर दिया कि शिक्षक समाज केवल शिक्षा तक सीमित नहीं, बल्कि मानवीय मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्वों का भी सशक्त वाहक है।

इस अवसर पर दुबहर ब्लॉक के ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि श्री पूना सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद देते हुए अनुग्रह राशि भेंट की तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की।

दुबहर ब्लॉक के शिक्षक परिवार की यह पहल सामाजिक एकजुटता और मानवीय संवेदना का प्रेरक उदाहरण बनकर उभरी है। समाज के समक्ष यह संदेश स्पष्ट रूप से गया कि जब शिक्षक समुदाय संगठित होकर आगे आता है, तो वह किसी भी जरूरतमंद परिवार के लिए संबल बन सकता है।