Breaking News

गंगा हमारी मां, इनकी नीलामी बंद करों, के नारों से गुंजा कलेक्ट्रेट परिसर : बोले बीजेपी नेता सुरेंद्र सिंह -सपा मानसिकता के तैनात है बलिया मे अधिकारी

 




 बलिया।। जनपद में माँ गंगा की नीलामी के विरोध में मछुआरा समाज ने प्रशासन के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया. इस दौरान मछुआरों ने कलेक्ट्रेट परिसर में हनुमान चालीसा पढ़ा तो वही महिलाओं ने माँ गंगा को समर्पित गीत गाया।


आप को बताते चले कि विगत कई माह से मछुआरों का विरोध जारी है लेकिन प्रशासन व शासन स्तर से कोई राहत नही मिलती देख शुक्रवार को सैकड़ों की संख्या में कलेक्ट्रेट पहुंचे मछुआरों ने भाजपा जिला उपाध्यक्ष शुभनारायन उर्फ सुरेंद्र सिंह के नेतृत्व में प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठ कर जमकर प्रदर्शन किया।भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह के साथ मछुआरों के बच्चों ने मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट से अपनी पीड़ा बताई और अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री को सम्बोधित मांग पत्र सौंपा।




भाजपा नेता सुरेंद्र सिंह ने बताया कि लगभग दो दशक पूर्व सपा सरकार में भी जनपद के गंगा घाटों की नीलामी की गई थी जिसका विरोध कर उस समय हुए नीलामी को खत्म करा दिया गया था और आज फिर माँ गंगा की नीलामी कर मछुआरों के पेट पर लात मारा जा रहा है,उनके मुह से निवाला छीना जा रहा है।कहा कि इनके  पास न खेत है,न कोई रोजगार का अन्य साधन है,केवल एक मात्र काम है, गंगा से मछली पकड़ना और उसे बाज़ार में बेचकर अपनी जीविका चलाना। जिसे तानाशाह बलिया के डीएम व अन्य अधिकारियों के द्वारा नीलाम किया जा रहा है। कहा इस देश मे गंगा, गाय और गीता को पवित्र माना जाता है तो फिर माँ गंगा की नीलामी यहां के अधिकारी कैसे कर सकते है।




अधिकारी कर रहे है बीजेपी सरकार को बदनाम 

श्री सिंह ने जिला प्रशासन पर आरोप लगाया कि यहां के अधिकारी भाजपा सरकार को बदनाम करना चाहते है, कई बार मछुआरों ने डीएम से गुहार लगाई लेकिन न तो इनकी सुनी जा रही है, न ही इनकी पीड़ा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाई जा रही है। श्री सिंह ने अधिकारियों को सपा मानसिकता वाला बताया। कहा कि जिन ठेकेदारों को नीलामी के तहत गंगा घाटों को सुपुर्द किया गया है उनके द्वारा मछुआरों को पीटा जा रहा है, जाल और मछलियां छीन ली जा रही है, प्रताड़ित किया जा रहा है,नतीजन लाखों मछुआरे जीवन विकट परिस्थिति से गुजर रहे है।


सुरेंद्र सिंह ने आगे कहा कि मछुआरे हमारे भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री संजय निषाद से भी मिलने गए थे जिनके द्वारा आश्वासन दिया गया की गंगा की नीलामी नहीं होगी बावजूद बलिया के डीएम ने गंगा की नीलामी कर दी. मंत्री संजय निषाद पर भी हमला करते हुए कहा कि अगर वह चाहते तो यह नीलामी तुरंत रुक सकती है लेकिन शायद वह भी चाहते हैं की मां गंगा की नीलामी की जाए.


 पैदल यात्रा कर मुख्यमंत्री से मिलेगा प्रतिनिधि मंडल 


सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यदि गंगा की नीलामी नहीं रोकी गई तो मैं मछुआरा समाज के 51 युवाओं को साथ लेकर पैदल मुख्यमंत्री से मिलने जाएंगे और मांग करेंगे कि बलिया के सभी तानाशाह अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त किया जाए और मां गंगा की नीलामी को रोका जाए।

     बच्चों ने नगर मजिस्ट्रेट से बयां की अपनी परेशानी 

मौके पर पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट से बच्चों ने अपनी पीड़ा बताते हुए कहा कि ठेकेदार हमें मछली मारने नहीं देते हैं जिसके कारण हमारे घर में खाने के लाले पड़ गए हैं।हमारे स्कूल की फीस नहीं जमा हो पा रही हैं। वही एक महिला अपनी पीड़ा बताते-बताते रोते हुए बोली कि ना तो मंत्री संजय निषाद हमारी पीड़ा सुनने को तैयार है, ना ही यहां के अधिकारी, हम जाए तो जाए कहां।