Breaking News

खिलाड़ियों के सम्मान और समाज के प्रति संवेदना के साथ मुख्यमंत्री का गोरखपुर प्रवास





गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से रुद्राभिषेक और हवन-पूजन के बाद वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज पहुंचकर खेल प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। यहां माननीय विधायक खेल स्पर्धा–2025 एवं 322 विधानसभा शहरी क्षेत्र की जूनियर और सब-जूनियर खेल प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

मुख्यमंत्री की उपस्थिति में एथलेटिक्स, कबड्डी, वॉलीबाल, जूडो और कुश्ती प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मान मिला। 322 विधानसभा शहरी क्षेत्र की कुश्ती स्पर्धा में शुभम यादव (बिछिया) ने खिताब जीता, जबकि कबड्डी के फाइनल में रीजनल स्पोर्ट्स स्टेडियम की टीम विजयी रही।

खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में देश में खेल और खेलकूद की संस्कृति में व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि कबड्डी, हॉकी, बैडमिंटन और एथलेटिक्स जैसे खेलों में आज पूरी दुनिया भारत की ओर आशा भरी नजरों से देख रही है। इसी सोच के साथ उत्तर प्रदेश सरकार ने यह संकल्प लिया है कि हर गांव में खेल का मैदान हो, ताकि प्रतिभाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही अवसर मिल सके।

मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक, मानसिक और चारित्रिक विकास का सशक्त माध्यम हैं। जब युवा खेलेगा, तभी देश खिलेगा और विकसित भारत की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार होगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर, खेलकूद और योग के माध्यम से ही जीवन में सफलता का मार्ग प्रशस्त होता है।







खेल कार्यक्रम के पश्चात मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बुढ़िया बारी पहुंचे, जहां उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के उपाध्यक्ष एवं पूर्वोत्तर रेलवे के सेवानिवृत्त चीफ टीटीआई रहे स्वर्गीय सुशील कुमार यादव के पैतृक आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने दिवंगत सुशील यादव के चित्र पर पुष्प अर्पित कर शोक संतप्त परिजनों से भेंट की और इस कठिन समय में उन्हें ढांढस बंधाया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सुशील कुमार यादव का योगदान खेल जगत और समाज के लिए सदैव स्मरणीय रहेगा। उनके निधन से न केवल परिवार बल्कि खेल क्षेत्र को भी गहरी क्षति हुई है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।