सनबीम स्कूल बलिया में हुआ विमानन कार्यशाला का आयोजन ,छात्रों ने जाना कैसे छुएं आसमान की ऊंचाइयां
बलिया।। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उन्हें आधुनिक ज्ञान से अपडेट रखने के लिए सनबीम स्कूल, बलिया द्वारा समय-समय पर विभिन्न विषयों पर कार्यशालाओं का आयोजन किया जाता रहा है। इसी क्रम में, छात्रों के भविष्य को नई दिशा देने के उद्देश्य से सोमवार को विद्यालय के 'अभ्येति' सभागार में 'सेफ स्काइज: करियर एंड ह्यूमन फैक्टर्स इन एविएशन' विषय पर एक दिवसीय भव्य कार्यशाला आयोजित की गई।
कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित इस विशेष सत्र का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री विष्णु चरण बेहरा (सेवानिवृत्त उप महानिदेशक, डी जी सी ए) एवं विशिष्ट अतिथि श्री वैभव वरुण (राष्ट्रीय समन्वयक, नेशनल एविएशन ओलंपियाड) ने दीप प्रज्वलित कर किया।
आयोजित कार्यशाला में विमानन क्षेत्र में 35 वर्षों का अनुभव रखने वाले श्री बी.सी. बेहरा ने छात्रों को विमानन सुरक्षा और तकनीकी बारीकियों से अवगत कराया। वहीं, विमानन उद्यमी श्री वैभव वरुण ने विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में उभरते नए अवसरों और 'नेशनल एविएशन ओलंपियाड' के महत्व के बारे में विस्तार से बताया।
इस कार्यशाला में विद्यार्थियों ने विभिन्न करियर विकल्प के विषय में जाना। इस कार्यक्रम में आयोजित 'हैंड्स-ऑन फ्लाइंग सेशन' ने विद्यार्थियों को तकनीकी रूप से विमान की कार्यप्रणाली समझने में मदद की। सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपने मन में उठ रहे विभिन्न प्रश्नों को पूछा जिसका उन्हें उचित जा2अब भी प्राप्त हुआ।
इस संवाद ने छात्रों के मन में विमानन क्षेत्र को लेकर व्याप्त भ्रांतियों को दूर किया। विद्यार्थियों ने न केवल तकनीकी जानकारी प्राप्त की, बल्कि यह भी समझा कि इस चुनौतीपूर्ण क्षेत्र में सफलता के लिए अनुशासन, त्वरित निर्णय लेने की क्षमता और निरंतर सीखने की प्रवृत्ति कितनी अनिवार्य है। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की डीन एकेडमिक श्रीमती शहर बानो ने कार्यक्रम को सफल बनाने सभी का आभार व्यक्त किया।











