हरियाणा के पहलवानों का बालक व बालिका वर्ग मे दबदबा, बालक वर्ग (80 kg)मे राहुल व बालिका (65 kg) मे हर्षिता ने जीता स्वर्ण
बालक वर्ग मे सर्वविजेता दिल्ली, बालिका वर्ग मे सर्वविजेता बना हरियाणा
मेजमान यूपी को बालक वर्ग मे मिला तृतीय स्थान
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता का शानदार समापन, पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं
खेल, स्वच्छता और प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने की सरकार की प्रतिबद्धता: जयवीर सिंह
आज के बच्चे ही बनाएंगे 2047 का विकसित भारत समापन समारोह में मंत्री जयवीर सिंह का संबोधन
बलिया। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता का समापन समारोह शुक्रवार को भव्य रूप से संपन्न हुआ। कार्यक्रम का समापन उत्तर प्रदेश सरकार के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग के कैबिनेट मंत्री ठाकुर जयवीर सिंह ने किया। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने पुष्पगुच्छ व साल व स्मृति चिन्ह भेंटकर मुख्य अतिथि का सम्मान किया।
अपने सम्बोधन मे मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार छात्रों और युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए खेल, स्वच्छता व विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रमों को लगातार बढ़ावा दे रही है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रदर्शन पिछले वर्षों में बेहतर हुआ है और सरकार की कोशिश है कि प्रदेश व देश के युवा हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने बलिया में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता को बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि यहां के खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। मंत्री ने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में आज के बच्चे ही कल के वैज्ञानिक, नेता और खेल सितारे बनकर योगदान देंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, खेल सुविधाओं और शिक्षा के क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि 2017 के बाद राज्य हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि योगी सरकार में कानून का राज स्थापित हुआ है और विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।उन्होंने बलिया के धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व वाले स्थलों जैसे महर्षि भृगु कॉरिडोर, महाराणा प्रताप की मूर्ति, मंगल पांडेय आश्रम व गंगा घाट विकास के लिए चल रही परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी बच्चों, बालिकाओं, प्रशिक्षकों और आयोजन टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बलिया के सर्वांगीण विकास के लिए पर्यटन एवं संस्कृति विभाग निरंतर कार्य करता रहेगा।
डबल इंजन की सरकार के चलते गांव देहात के बालक व बालिकाओं को प्रतिभा दिखाने का मिल रहा है मौका
उत्तर प्रदेश की ग्रामीण विकास मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने कहा कि प्रदेश के कोने-कोने में बच्चों और बेटियों का खेल की ओर रुझान तेजी से बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि आज गांवों की बच्चियां भी किसी से कम नहीं हैं और खेल के मैदानों में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा से प्रदेश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार गांव-गांव तक शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने का कार्य कर रही है। पहले खेलों में बड़े शहरों या बड़े परिवारों के बच्चों की पहुंच होती थी, लेकिन आज ग्रामीण क्षेत्रों से भी बच्चे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा पहले कहा जाता था कि पढ़ोगे-लिखोगे बनोगे नवाब, खेलोगे-कूदोगे हो जाओगे खराब। लेकिन आज खेल भी बच्चों को नवाब बना रहे हैं। पढ़ाई के साथ खेल में भी हमारे बच्चे शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। मंत्री गौतम ने प्रतियोगिता में शामिल सभी बालक-बालिकाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल जगत में प्रदेश लगातार आगे बढ़ रहा है और सरकार हर संभव प्रयास कर रही है कि दूर-दराज़ के गांवों तक खेल सुविधाएं पहुंचें।
69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के पांचवे दिन शानदार प्रदर्शन, हरियाणा और दिल्ली का दबदबा
वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय विद्यालयी कुश्ती प्रतियोगिता के पांचवें दिन खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने कौशल का लोहा मनवाया। बालक और बालिका वर्ग में रोमांचक मुकाबलों के बीच पदक तालिका में हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश का अच्छा प्रदर्शन देखने को मिला।
बालक वर्ग – 80 किलोग्राम वजन वर्ग
स्वर्ण पदक: राहुल गुज्जर, हरियाणा
रजत पदक: प्रिंस, पंजाब
कांस्य पदक: मोहम्मद फैज, चंडीगढ़
कांस्य पदक: यश वैभव, महाराष्ट्र
.....................................................................
बालिका वर्ग– 65 किलोग्राम भार वर्ग
स्वर्ण पदक हर्षिता रानी, हरियाणा,
रजत पदक मंथा राजपूत, दिल्ली,
कांस्य पदक दीक्षु, सीबीएसई WSO,
कांस्य पदक सुजीत शिवाजी खरे, महाराष्ट्र
सर्व विजेता पदक तालिका
प्रतियोगिता के समापन पर जारी कुल पदक सूची
प्रथम स्थान बालक दिल्ली, द्वितीय स्थान हरियाणा, तृतीय स्थान उत्तर प्रदेश
बालिका प्रथम हरियाणा,द्वितीय दिल्ली, तृतीय महाराष्ट्र
इन खिलाड़ियों के अच्छा प्रदर्शन ने प्रतियोगिता को रोमांचक और ऐतिहासिक बना दिया। आयोजकों ने सभी विजेताओं को शुभकामनाएं देते हुए अगले वर्ष की प्रतियोगिता के लिए भी उत्साह व्यक्त किया। इस समापन कार्यक्रम में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, मंत्री दानिश आजाद अंसारी, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, श्रीमती सुनीता श्रीवास्तव सदस्य राज्य महिला आयोग , भाजपा नेता छठू राम, सहायक शिक्षा निदेशक नवल किशोर , जिला विद्यालय निरीक्षक देवेंद्र गुप्ता, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह,जिला व्यायाम शिक्षक विनोद सिंह, जिला व्यायाम शिक्षिका नीतू सिंह, आदि उपस्थित रहे। संचालन नीरज राय ने किया।
बालिकाओं ने प्रस्तुत किया सांस्कृतिक कार्यक्रम, खूब बटोरी तालियां
इस कार्यक्रम मे महर्षि विद्या मंदिर की बालिकाओं ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज की छात्राओं ने लोकगीत पर आधारित गीतों पर जबरदस्त नृत्य प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। सनबीम स्कूल अगरसंडा की छात्राओं ने कत्थक नृत्य प्रस्तुत कर सभी को मन्त्रमुग्ध कर दिया।











