Breaking News

अमर नाथ मिश्र पी.जी. कॉलेज दुबेछपरा : एम.ए.भूगोल प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के शैक्षणिक सत्र 2026-27 का शुभारंभ

 






डॉ सुनील कुमार ओझा

दुबेछपरा, 24 अगस्त। अमर नाथ मिश्र पी.जी. कॉलेज, दुबेछपरा में सोमवार को एम.ए. भूगोल प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के शैक्षणिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य प्रो. डॉ. गीता ने की। माँ सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के महत्व, अनुशासन, नियमित अध्ययन, विषय की गहन समझ तथा शोध-दृष्टि विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया। प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों के लिए यह नई शैक्षणिक यात्रा की शुरुआत थी, जबकि तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने अपने अनुभवों के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की।

मुख्य वक्ता डॉ. श्याम बिहारी श्रीवास्तव, सैन्य विज्ञान विभाग ने विद्यार्थियों को अनुशासन, राष्ट्रबोध एवं समसामयिक परिस्थितियों की समझ विकसित करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति में जिम्मेदारी और नेतृत्व की भावना विकसित करने का आधार है।

डॉ. शिवेश प्रसाद राय ने विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, जिज्ञासा और ज्ञान के व्यावहारिक उपयोग के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को विषय को केवल परीक्षा की दृष्टि से नहीं, बल्कि दैनिक जीवन और सामाजिक परिवेश से जोड़कर समझना चाहिए।

डॉ. संजय कुमार मिश्र, राजनीति विज्ञान विभाग ने लोकतांत्रिक मूल्यों, सामाजिक चेतना तथा समकालीन राजनीतिक परिस्थितियों को समझने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भूगोल के विद्यार्थियों के लिए समाज, राजनीति और स्थान के पारस्परिक संबंधों को समझना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य प्रो. डॉ. गीता ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें महाविद्यालय की शैक्षणिक परंपराओं से जुड़कर अध्ययन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन एवं नियमितता के साथ अध्ययन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का संचालन पी जी डिपार्टमेंट के शिक्षक डॉ. सुनील कुमार ओझा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भूगोल को प्रकृति, समाज एवं पर्यावरण से जोड़कर समझने का संदेश दिया। 

साथ ही अध्ययन में क्षेत्रीय दृष्टिकोण, मानचित्र, पर्यावरण तथा स्थानीय समस्याओं के अध्ययन की उपयोगिता बताई। 



पी जी डिपार्टमेंट भूगोल के प्राध्यक डॉ. सत्येन्द्र कुमार मिश्र ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।उन्होंने विद्यार्थियों से कक्षा में सक्रिय सहभागिता एवं नियमित अध्ययन का आह्वान किया। कार्यक्रम में डॉ भूगोल विभाग से डॉ अजित कुमार यादव, एवं कालेज के निधिप्रमुख पुष्कल मिश्र भी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में एम.ए. प्रथम एवं तृतीय सेमेस्टर के विद्यार्थियों की सक्रिय सहभागिता रही। समारोह ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की सकारात्मक एवं प्रेरणादायी शुरुआत का संदेश दिया।