Breaking News

जिला अस्पताल से लापता 10 वर्षीय बच्ची का हत्यारा निकला डायल-112 में तैनात सिपाही, हुआ गिरफ्तार; रोहिणी नदी से बरामद हुआ शव





गोरखपुर।। जिला अस्पताल से 10 वर्षीय बच्ची के लापता होने का मामला महज कुछ घंटों में सनसनीखेज हत्याकांड में बदल गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर डायल-112 में तैनात आरक्षी अभिषेक यादव को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर गुरुवार सुबह मानीराम क्षेत्र के चिउटहा पुल के पास रोहिणी नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। मामले का खुलासा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने प्रेस वार्ता में किया।


घटना 28 जुलाई की रात की है। आजमगढ़ जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र निवासी रिंकू शर्मा की 13 वर्षीय बेटी जिला अस्पताल में भर्ती थी। उसे खाना देने के लिए उसकी 10 वर्षीय छोटी बहन रात करीब साढ़े आठ बजे अस्पताल पहुंची थी। खाना खिलाने के बाद वह रात करीब 10 बजे घर लौटने के लिए निकली, लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंची। परिजनों ने काफी तलाश के बाद कोतवाली थाने में सूचना दी, जिस पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।


परिजनों ने पुलिस को बताया कि अस्पताल परिसर में दोनों बहनें खाना खा रही थीं, तभी पुलिस की वर्दी पहने एक युवक उनके पास आया। उसने बातचीत के दौरान घर का पता पूछा और रात अधिक होने की बात कहकर घर छोड़ने की पेशकश की। बड़ी बहन के अस्पताल में भर्ती होने के कारण छोटी बच्ची अकेले घर जाने लगी, जिसके बाद वर्दीधारी युवक उसके पीछे चला गया।


जांच के दौरान पुलिस ने जिला अस्पताल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में बच्ची अस्पताल से बाहर निकलते हुए दिखाई दी, जबकि कुछ दूरी पर बाइक सवार वर्दीधारी युवक उससे बातचीत करता नजर आया। इसके बाद बच्ची उसकी बाइक पर बैठकर वहां से चली गई। इसी फुटेज के आधार पर पुलिस ने बाइक और आरोपी की पहचान सुनिश्चित की।


पुलिस ने डायल-112 में तैनात आरक्षी अभिषेक यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान मिली जानकारी के आधार पर गुरुवार सुबह मानीराम क्षेत्र के चिउटहा पुल के पास रोहिणी नदी से बच्ची का शव बरामद किया गया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. कौस्तुभ ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए कई पुलिस टीमों को जांच में लगाया गया था। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य प्रमाणों के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी डायल-112 में तैनात आरक्षी है। उसके विरुद्ध कठोर विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा विभागीय कार्रवाई करते हुए उसे सेवा से बर्खास्त किए जाने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।


पुलिस के अनुसार, घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मासूम बच्ची की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस दर्दनाक घटना से पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सभी वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मजबूत विवेचना कर आरोपित के विरुद्ध न्यायालय में प्रभावी पैरवी की जाएगी, ताकि उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके।




बाइट... वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गोरखपुर -डॉ. कौस्तुभ