अमृत प्रभात के संपादक तमाल कांति घोष की पत्नी कविता घोष का निधन, शोक की लहर
कोलकाता।।
न जायते म्रियते वा कदाचि,नायं भूत्वा भविता वा न भूयः।
अजो नित्यः शाश्वतोऽयं पुराणे,न हन्यते हन्यमाने शरीरे।
नार्दर्न इंडिया पत्रिका के कार्यकारी संपादक व अमृत प्रभात के संपादक तमाल कांति घोष की पत्नी श्रीमती कविता घोष का १६ मई को उनके कोलकाता स्थित आवास पर निधन हो गया। वह ६७ वर्ष की थीं। श्रीमती घोष अमृत बाजार पत्रिका और युगांतर के प्रख्यात संपादक स्वर्गीय श्री तुषार कांति घोष की पौत्रवधू और पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री और सांसद स्वर्गीय श्री तरुण कांति घोष की पुत्रवधू थीं।
वह अपने पीछे अपने पति श्री तमाल कांति घोष के अलावा अपने पुत्र तनय घोष और पुत्री तानिया घोष को शोक संतप्त छोड़ गयी हैं।
श्रीमती घोष सामाजिक सरोकारों से जुड़ी एक मिलनसार महिला थीं। वह अपने परिवार के साथ-साथ अपने नातेदारों, रिश्तेदारों, दोस्तों तथा जान पहचान वालों का विशेष ख्याल रखती थीं तथा हर एक की मदद के लिये हमेशा तत्पर रहती थीं।
उनका जन्म उत्तराखंड के हरिद्वार में हुआ था। उनकी स्कूली शिक्षा प्रयागराज के सेंट मैरी कान्वेंट से हुई थी। वह इलाहाबाद विश्वविद्याल की पूर्व छात्रा थीं।२७ अप्रैल १९८० को उनका विवाह प्रयागराज में तुषार कांति घोष के पौत्र तमाल कांति घोष से हुआ था। उनके घर में घरेलू कामकाज करने वाले भी उन्हें मां की तरह सम्मान देते थे क्योंकि उनके सुख दुख में वह हमेशा खड़ी रहती थीं।
श्रीमती कविता घोष ने अपना समय एक पत्नी, माँ, सास और भारत की एक सम्मानित नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों को पूरा करने में बिताया। वह पर्यावरण प्रेमी थीं तथा बेजुबान जानवरों और पशु पक्षियों के प्रति बहुत दयालु थीं।
वह बहुत दृढ़ इच्छाशक्ति वाली महिला थीं। सत्य और न्याय के सार्वभौमिक मूल्यों में उनका विश्वास था। उन्होंने अपनी मातृभूमि उत्तर प्रदेश और कर्मभूमि पश्चिम बंगाल की समृद्ध परंपराओं को खूबसूरती से मिश्रित किया। उनकी कमी न केवल उनके परिवार बल्कि उन सभी को बहुत खल रही है, जिनके जीवन को उन्होंने धीरे से छुआ और समृद्ध किया।
भारतीय राष्ट्रीय पत्रकार महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुनेश्वर प्रसाद मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित शोकसभा में श्रीमती कविता घोष के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया तथा ईश्वर से प्रार्थना की गयी कि उनके परिवार को यह असहनीय दुख सहन करने की क्षमता प्रदान करे। इस अवसर पर महासंघ के राष्ट्रीय संयोजक भगवान प्रसाद उपाध्याय के अलावा वरिष्ठ पत्रकार बीपी तिवारी, अमिताभ अदावल, रमाकांत त्रिपाङ्गी, विपिन मिश्र, विवेक मिश्र, कमलेश मिश्र, राजेश पटेल, कमलेश पटेल, धर्मेन्द्र श्रीवास्तव, मनोज बिन्द, सौरभ शाही, लालजी पाण्डेय, विजय शंकर पाण्डेय, विमलेश मिश्र आदि उपस्थित थे।