Breaking News

नही रहे सपा के संस्थापक मुलायम सिंह यादव, मेदांता मे ली आज अंतिम सांस


        अनंत यात्रा पर निकले धरती पुत्र मुलायम सिंह यादव


लखनऊ।। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने स्वयं अपने पिता जी व सपा के संस्थापक और संरक्षक मुलायम सिंह यादव के इस दुनिया मे नही रहने की सूचना दी है।

 समाजवादी पार्टी के संस्थापक, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व रक्षा मंत्री मुलाम सिंह यादव का सोमवार सुबह 8.20 बजे निधन हो गया। मुलायम सिंह यादव पिछले दिनों से बीमार चल रहे थे और गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।




 


धरती पुत्र व नेता जी के सम्बोधन से जाने जाने वाले मुलायम सिंह यादव किडनी इंफेक्शन से जूझ रहे थे। जानकारी के मुताबिक, बीती रात उनका ऑक्सीजन लेवल कम हो गया था। अस्पताल में भर्ती करवाए जाने के बाद से मुलायम सिंह यादव की अच्छी सेहत के लिए प्रार्थनाएं की जा रही थी। सभी दलों के नेता नेताजी के स्वास्थ्य का हाल जान रहे थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी अखिलेश यादव से फोन पर मुलायम सिंह यादव की सेहत का हाल जाना था।


नेता जी के निधन की सूचना खुद अखिलेश यादव ने दी। अखिलेश ने ट्वीट किया कि मेरे पिताजी और हम सब के प्यारे नेताजी नहीं रहे। उनका निधन हो गया है।

बलिया के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को नाम से जानते थे नेता जी : कान्हजी


बलिया। समाजवादी पार्टी के संस्थापक पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के निधन से जिले के समाजवादियों में शोक की लहर दौड़ गई है। सपा के जिला प्रवक्ता सुशील कुमार पांडेय कान्हजी ने सोमवार को प्रेस को जारी विज्ञप्ति में शोक व्यक्त करते हुए कहा कि ताउम्र लोहिया और जयप्रकाश नारायण के आदर्शों पर चलने वाले समाजवादी पुरोधा श्री मुलायम सिंह यादव के निधन से न सिर्फ एक युग का अंत हुआ है, बल्कि गांव, गरीब, किसान, नौजवान, दलितों, पिछड़ों, वंचितों और अल्पसंख्यकों ने अपना सच्चा रहनुमा खो दिया है। उनके निधन से जो रिक्तता पैदा हुई है, भरपायी नहीं सो सकती। उन्होंने कहा है कि देश में लोकतंत्र की मजबूती के लिए उन्होंने जेल जाना भी गंवारा किया। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में उत्तर प्रदेश ने नई ऊंचाइयों को छुआ। केन्द्र सरकार में रक्षा मंत्री बने तो जवानों के लिए जो कार्य किया, वह अतुलनीय है। कहा कि वे कार्यकर्ताओं के नेता थे। सबकी चिंता करते थे। बलिया के सैकड़ों कार्यकर्ताओं को मुलायम सिंह यादव जी नाम से जानते थे। लखनऊ जाने पर खाने-पीने और रहने के बारे में जरूर पूछते थे। ऐसे नेता का होना वर्तमान राजनीति में दूर-दूर तक कोई नहीं दिखता। कान्हजी ने मुलायम सिंह यादव को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ईश्वर उन्हें अपने श्री चरणों में स्थान दें।