नवजात को कोरोना से लड़ने की ताकत देता है मां का दूध
बलिया ।। कोरोना काल में महिलाएं बच्चों की देखभाल के प्रति बिल्कुल भी लापरवाही न दिखाएं । शिशु को छह माह तक केवल स्तनपान कराएं, क्योंकि कोविड -19 और अन्य गंभीर बीमारी से बचाव के लिए मां के दूध बेहद आवश्यक है । यह जानकारी जिला महिला अस्पताल स्थित प्रसवोत्तर केंद्र पर कार्यरत नवजात शिशु एवं बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर सिद्धार्थ मणि दुबे ने दी उन्होंने बताया कि मां के दूध में बहुत से पोषक तत्व होते हैं । यह शिशु को बीमारियों से लड़ने मे मदद करता है । उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी बढ़ता है इसलिए शिशु को जन्म से छह माह तक केवल स्तनपान ही कराएं।
डॉ दुबे ने बताया कि छह माह तक स्तनपान के अतिरिक्त ऊपर का कुछ न दें, जैसे-पानी, घुट्टी, शहद आदि । छह माह तक केवल मां का दूध पिलाने से शिशु की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनी रहेगी, बच्चा बीमार नहीं पड़ेगा, और शिशु को बीमारी से लड़ने में मदद मिलेगी। स्तनपान कराते समय साफ सफाई का ख्याल रखें। हाथों को साबुन या पानी से अच्छी तरह से धोकर ही शिशु को स्तनपान कराएं और मास्क का प्रयोग करें |
इसके साथ ही जन्म के एक घंटे के अंदर माँ का पहला गाढ़ा पीला दूध अवश्य पिलाएँ, क्योंकि यह नवजात के लिए अमृत के समान होता है । डॉ दुबे ने बताया कि यह नवजात की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है और शिशु के पेट को साफ करने मे मदद करता है। कोलस्ट्रम शिशु का पहला टीका माना जाता है। स्तनपान शिशु को अपने शरीर का तापमान सामान्य रखने में मदद करता है। मां और बच्चे के बंधन को मजबूत बनाता है। मां का दूध शिशु को बीमारियों से लड़ने में मदद करता है। उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाता है l





