बलिया : लोक कल्याण की कामना : 2 जून को एक साथ 1008 घरो में होगा गायत्री महायज्ञ
लोक कल्याण की कामना : 2 जून को एक साथ 1008 घरो में होगा गायत्री महायज्ञ
बलिया 5 मई 2018 ।। स्थानीय गायत्री शक्तिपीठ गंगा जी मार्ग महावीर घाट बलिया पर रविवार को कार्यकर्ताओं की जनपद स्तरीय बैठक हुई। जिसमें आगामी दो जून को लोक कल्याण की कामना के साथ जनपद के 1008 घरों में एक साथ एक समय पर गायत्री महायज्ञ करने का संकल्प लिया गया। जो दिन में साढ़े 9 बजे से दोपहर 12 के बीच संपन्न होगा। इसके अलावा 1008 घरों में देव स्थापना का कार्य भी किया जाएगा। गायत्री परिवार के वरिष्ठ कार्यकर्ता विजेंद्र नाथ चौबे ने प्रत्येक रविवार को साढ़े तीन बजे से गायत्री शक्तिपीठ के अलावा जनपद के हर गांव में साप्ताहिक सत्संग करने का संकल्प भी दिलाया। उन्होंने कहा कि गायत्री परिवार के प्रत्येक कार्यकर्ता प्रतिदिन 2 घंटे का समयदान एवं अंशदान युग ऋषि पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को हर घर तक पहुंचाने में निश्चित रूप से लगाएंगे। कार्यकर्ताओं द्वारा पर्यावरण संरक्षण के लिए भी संकल्प लिया गया। लोकतंत्र के महापर्व लोकसभा चुनाव में कार्यकर्ताओं ने राष्ट्र निष्ठा एवं राष्ट्र धर्म निभाने का संकल्प लिया। उन्होंने राजतंत्र के परिष्कार व ठोस प्रयास के लिए श्रद्धासिक्त हो प्रार्थना भी की।