Breaking News

लखनऊ : निजी नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत,हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज

लखनऊ : निजी नर्सिंग होम में प्रसूता की मौत,हंगामा, डॉक्टर पर लापरवाही का मुकदमा दर्ज
ए कुमार

लखनऊ 9 अप्रैल 2019 ।।चिनहट स्थित निजी चिकित्सालय में प्रसव कराने आई गर्भवती को प्रसव के बाद रक्तस्राव हो रहा था। इसके बावजूद डॉक्टर ने उसका इलाज नहीं किया। मृत हालत में  उसे लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया गया, वहाँ डाक्टरों ने बताया उसकी मौत हो चुकी है। परिजनों ने निजी चिकित्सक डॉ. जीविका पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया। चिनहट की आनंद लोक कॉलोनी निवासी गर्भवती सीता पांडेय (32) का इलाज स्थानीय नर्सिंग होम में चल रहा था। यहां की डॉ. जीविका गर्ग चार माह से नियमित उसकी जांच और इलाज कर रही थीं। प्रसव के लिए छह अप्रैल को सीता को नर्सिंग होम में भर्ती किया गया। भर्ती होने के दूसरे दिन रविवार को सीता की नॉर्मल डिलीवरी हुई। वहीं, प्रसव के बाद उसे ब्लीडिंग होने लगी। डॉक्टरों ने सीता के पति मनोज पांडेय को आश्वासन दिया कि कुछ समय में रक्तस्राव रुक जाएगा लेकिन ऐसा हुआ नहीं।

लखनऊ मे प्रसूता की मौत पर हंगामा, डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज
पति मनोज के अनुसार डाक्टरों ने काफी देर तक उसे उसी स्थिति में नर्सिंग होम में भर्ती रखा, जहां लगातार सीता की हालत बिगड़ती जा रही थी। देर रात जब परिजनों ने दबाव बनाया तो डॉक्टर ने सीता को मृत हालत में  गोमती नगर स्थित राम मनोहर लोहिया अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन सीता को लोहिया अस्पताल तो ले गए, वहाँ डॉक्टरों ने बताया डॉ जीविका गर्ग के नर्सिंग होम में ही इलाज के दौरान सीता की मौत हो गई थी। सीता के परिजनों ने उसकी मौत के लिए निजी चिकित्सक डॉ. जीविका गर्ग को जिम्मेदार ठहराया और हंगामा करते हुए उनके खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करा दिया। चिनहट इंस्पेक्टर सचिन सिंह ने बताया कि अस्पताल संचालिका जीविका सिंह पर लापरवाही करने के आरोप में एफआइआर दर्ज हो गई है।