Breaking News

बलिया : सनबीम स्कूल बलिया में छाऊ नृत्य देख छात्र हुए भावविभोर

सनबीम स्कूल बलिया में छाऊ नृत्य देख छात्र  हुए भावविभोर







बलिया, 23 अप्रैल 2019 ।। स्पीक मैके तथा सनबीम विद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में आज 23 अप्रैल 2019 को विद्यालय परिसर में छाऊ नृत्य का आयोजन सम्पन्न हुआ इस अवसर पर प्रसिद्ध लोक नृत्य छाऊ के कलाकारों द्वारा छात्रों के समक्ष छाऊ नृत्य की प्रस्तुति की गयी। कार्यक्रम का शुभारम्भ विद्यालय के निदेषक डॉ0 कुँवर अरूण सिंह, प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा तथा अतिथि कलाकार तारापडा रजाक के द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।इस अवसर पर छात्रों ने छाऊ लोक नृत्य से सम्बन्धित विभिन्न बारीकियों को देखा और सीखा तथा कार्यक्रम की समाप्ति पर विभिन्न प्रकार के प्रश्न पूछे तथा छाऊ लोक नृत्य के प्रति गहरी रुचि दिखाई। आज के कार्यक्रम में भाग लेने वाले कलाकारों ने मंच पर उपस्थित होकर छाउ नृत्य के द्वारा तारापाडा छाऊ नृत्य का मंचन कर वातावरण को इस तरह स्थापित किया कि दर्शक तत्कालिक वातावरण मे पूरी तरह कार्यक्रम के साथ जुड़े रहे। कार्यक्रम के संगीत, नृत्य तथा अभिनय के मिले-जुले कौशल को देखकर उपस्थित जनसमूह सम्मोहित होकर कार्यक्रम का रसास्वादन कर रहा था।विद्यालय परिसर में इसके पूर्व 2014 में ओडिषी लोकनृत्य ‘गोटिपुआ’, 2015 एवं 2017 में राजस्थानी लोकनृत्य ‘कालबेलिया’, 2016 में ओडिषी लोकनृत्य ‘सम्बलपुरी’ एवं 2018 में मणिपुरी लोकनृत्य ‘पुंग चोलुम’ की शानदार प्रस्तुति स्पीक मैके तथा सनबीम विद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में सराहनीय रही है।जैसा कि ज्ञात है छाऊ नृत्य भारतवर्ष के सराइ केला-बिहार, पुरुलिया-पश्चिम बंगाल, मयूरभंज-उड़ीसा आदि क्षेत्रों में प्रमुख रूप से प्रस्तुत किया जाता रहा है। इस लोक नृत्य में सभी कलाकार पूर्ण सज्जा, मुखौटे तथा अस्त्रों से सुसज्जित होकर मंच पर आसीन होते हैं और संगीत तथा लय के साथ समन्व्य बनाकर पौराणिक कहानीयों पर नृत्य अभिनय करते हैं। इसमें भाग लेने वाले कलाकार मंच का पूरा उपयोग करते हैं तथा संवाद तथा दृश्य के अनुरूप अभिनय भी करते हैं। इस लोक नृत्य में प्रायः वीर रस पर आधारित संगीत का प्रयोग होता है और वाद्य यंत्रों में मुख्य रूप से एक प्रकार का ढोल, छोटी शहनाई, मंजीरा आदि वाद्य यंत्रों का प्रयोग होता है। अतिथियों एवं कलाकारों का स्वागत करते हुए विद्यालय के निदेशक की ओर से स्मृति चिन्ह प्रदान किया तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा ने किया।