Breaking News

बिना पंजीकरण के ही खुल गया बेल्थरा रोड मे एक नया हॉस्पिटल, ब्लॉक प्रमुख सीयर ने किया उद्घाटन




मधुसूदन सिंह 

बलिया।। एक तरफ जनपद मुख्यालय पर पंजीकृत प्राइवेट हॉस्पिटल्स मे ही पिछले दिनों हुई महिलाओं की मौत से स्वास्थ्य महकमा कोर्ट मे रिपोर्ट देते देते हांफ रहा है। सूत्रों की माने तो एक कोर्ट मे माननीय न्यायाधीश महोदय ने सीएमओ को यहां तक कह दिया कि रेवड़ी की तरह लाइसेंस बाँटने के बाद कभी जाँच भी करते या कराते है आप, क्या हम यहां लाशों की संख्या गिनने और पोस्टमार्टम कराने के लिये बैठे है। इस कठोर टिप्पणी के बाद भी लगता है स्वास्थ्य विभाग के आलाधिकारी अपनी कार्यशैली मे बदलाव लाना ही नहीं चाहते है। तभी तो जिस नर्सिंग होम का स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी व उनकी टीम ने मात्र मुआयना किया, नर्सिंग होम संचालक ने लाइसेंस मिलना तय मानकर भव्य तरीके से उद्घाटन तक करा दिया।

हम बात कर रहे राहुल नर्सिंग होम ऐंड मेटरनिटी सेंटर बेल्थरारोड की, जिसका बुधवार को भव्य तरीके से ब्लॉक प्रमुख आलोक सिंह के हाथों उद्घाटन कराया गया। इस हॉस्पिटल को अभी स्वास्थ्य विभाग ने पंजीकरण प्रमाण पत्र नहीं दिया है, फिर भी इसका उद्घाटन होना यह दर्शाता है, सीएमओ कार्यालय मे फाइल जमा कर देने मात्र को संचालक पंजीकरण मान लेते है। उद्घाटन के बाद अगर यहां मरीजों का इलाज शुरू हो जायेगा और किसी मरीज के साथ अनहोनी हो जाय तो इसके लिये जिम्मेदार कौन होगा?

सूच्य हो कि बेल्थरारोड मे छोटे हॉस्पिटल आए दिन खुल रहे है लेकिन कैसे ? किसके परमिशन से? गरीब और गांव के लोग इलाज के नाम पर ऐसे फर्जी डाक्टर जांच, फर्जी अल्ट्रासाउंड और महंगी दवाई दे, खुली लुट कर रहे। बिना पंजीकरण के NICU चल रहे है, इनको कौन संरक्षण दे रहा है? अगर स्वास्थ्य विभाग सख़्ती करता तो चाहे बेल्थरारोड हो, सिकंदरपुर हो, बांसडीह हो, सहतवार हो, बैरिया हो, रसड़ा हो, कही भी बिना पंजीकरण के न कोई हॉस्पिटल चलते, न ही NICU ही चलते। लेकिन इतनी गर्मी मे एसी छोड़कर कौन गांव देहात मे जांच करने का बीड़ा उठाये।

इस सम्बन्ध में जिले के नोडल अधिकारी डाक्टर योगेन्द्र दास का कहना है कि बेल्थरारोड में एक माह के अंदर कोई नया अस्पताल खोलने का लाइसेंस जारी नहीं हुआ है। अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, पैथोलॉजी की शीघ्र जांच की जायेगी।बता दे कि यहां पर अस्पतालों में मरीजों से  इलाज के नाम पर धन का दोहन करना आम बात हो गई है।