Breaking News

देवरिया : पशु तस्करों ने सिपाही को रौंदने की कोशिश , बलिया से मोटरसाइकिल से पीछा कर देवरिया में पकड़ा

पशु तस्करों ने सिपाही को रौंदने की कोशिश ,          बलिया से मोटरसाइकिल से पीछा कर देवरिया में पकड़ा  
ए कुमार   
  
देवरिया 7 अप्रैल 2019 ।। बलिया से पशुओं से भरा ट्रक लेकर बिहार जा रहे ट्रक का पुलिस ने पीछा किया तो चालक ने एक सिपाही को रौंदने का प्रयास किया। जान बचाते हुए कांस्टेबल ने असलहा तान दिया। जिसके बाद पहुंची पुलिस टीम ने चालक को गाड़ी समेत दबोच लिया। घटना देवरिया जनपद के कुंडौली के पास की है।
बताते चलें कि बलिया के उभाव थाने की भागलपुर पुल के दक्षिणी छोर पर स्थिति पुलिस पोस्ट पर  बैरियर लगाकर वाहनों की चेकिंग हो रही थी। इसी पोस्ट से वाहन देवरिया जिले में प्रवेश करते हैं। रविवार की भोर में उभांव पोस्ट पर उपनिरीक्षक विनोद यादव फोर्स के साथ वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी बीच एक ट्रक बलिया से देवरिया के लिए आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने रोका तो वह गति तेज कर भागते हुए देवरिया की सीमा में प्रवेश कर गया। इस पर उभाव पुलिस ट्रक का पीछा करने लगी। सलेमपुर बलिया मार्ग पर कुंडौली के समीप कांस्टेबल बच्चा लाल ने बाइक से पीछा करते हुए ट्रक को ओवरटेक कर रोकना चाहा तो चालक ने उसके उपर गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। कांस्टेबल कूद कर दूसरे तरफ चला गया और चालक पर असलहा तान दिया। हड़बड़ी में चालक ट्रक को लेकर गड्ढे में चला गया। जिसके बाद पुलिस गाड़ी समेत उसे दबोच लिया। उभाव पुलिस ट्रक और चालक को अपने साथ लेकर थाने चली गई। इस घटना की जानकारी होने पर बलिया के डीएम और एसपी ने इसके बारे में जानकारी ली। ट्रक में पांच दर्जन से अधिक गाय और बछड़े थे।