Breaking News

भारत VS आस्ट्रेलिया 3rd वन डे : 314 रन के टारगेट के आगे भारतीय पारी लड़खड़ाई , 27 रन पर गिरे 3 विकेट




8 मार्च 2019 ।।

पैट कमिंस ने अंबाती रायडू को आउट कर भारत को तीसरा झटका दिया है. वह दो रन के स्‍कोर पर बोल्‍ड हुए. इस वक्‍त भारत का स्‍कोर 27/3 रन है. यकीनन टीम इंडिया दबाव में है. रिचर्डसन ने शिखर धवन तो पैट कमिंस ने रोहित शर्मा को पवेलियन लौटाकर भारत के दो तगड़े झटके दिए हैं. रोहित 14 गेंदों पर दो चौके और एक छक्‍के की मदद से 14 रन बनाकर एलबीडब्‍ल्‍यू हुए. भारत ने 15 रन पर ओपनर्स गंवा दिए हैं.जे रिचर्डसन ने अपने दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर शिखर धवन को प्‍वाइंट पर ग्‍लेन मैक्‍सवेल के हाथों कैच करवाकर भारत को पहला झटका दिया है. वह दस गेंद पर एक रन बनाकर आउट हुए. वनडे सीरीज में उनकी खराब फॉर्म जारी है. 314 रन के लक्ष्‍य के सामने भारत की पारी को रोहित शर्मा और शिखर धवन ने शुरू किया है. बुमराह के दसवें और पारी के 50वें ओवर में दस रन बने. इसके साथ ऑस्‍ट्रेलिया ने 313/5 का स्‍कोर बना लिया है. जबकि भारतीय टीम को मैच जीतने के लिए 314 रन का लक्ष्‍य मिला है.

फिंच और ख्‍वाजा ने पहले विकेट के लिए 193 रन जोड़े थे, लेकिन अब ऑस्‍ट्रेलिया ने 263 रन तक पांच विकेट गंवा दिए हैं. कुलदीप ने ऑस्‍ट्रेलिया को तीन तो शमी ने एक झटका दिया है. जबकि एक खिलाड़ी रन आउट हुआ है. 42वें ओवर की अंतिम गेंद पर भारत को एक और विकेट मिला. जडेजा और धोनी ने मिलकर ग्‍लेन मैक्‍सवेल को रन आउट किया. वह 31 गेंदों पर तीन चौके और इतने ही छक्‍के की मदद से 47 रन बनाकर आउट हुए. जबकि मोहम्‍मद शमी ने उस्‍मान ख्‍वाजा को आउट कर भारत को दूसरी सफलता दिलाई है. वह 113 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्‍के की मदद से 104 रन बनाकर शॉर्ट मिडविकेट पर जसप्रीत बुमराह के हाथों कैच हुए.
इससे पहले रवींद्र जडेजा के ओवर की पहली तीन गेंदों पर मैक्‍सवेल ने एक छक्‍के और दो चौके की मदद से 14 रन ठोके. इसके बाद एक रन लेकर स्‍ट्राइक ख्‍वाजा को दी. पांचवीं गेंद पर कोई रन नहीं बना जबकि छठी गेंद पर एक रन लेकर ख्‍वाजा ने शतक पूरा किया.उस्‍मान ख्‍वाजा ने 107 गेंदों पर 11 चौके और एक छक्‍के की मदद से अपना पहला वनडे शतक पूरा किया है. यह उनका 24वां वनडे मैच है.  आखिरकार 31.5 ओवर बाद भारत को पहले विकेट मिला. एरॉन फिंच (93) आउट. अरे ये क्या... फिंच ने रिव्‍यू लिया. लेकिन बच नहीं सके. उन्‍होंने 99 गेंदों में दस चौके और तीन छक्‍के की मदद से ये पारी खेली. इसके साथ 32 ओवर में स्‍कोर 194/1 हो गया है. जबकि दोनों के बीच 193 रन की पहले विकेट के लिए साझेदारी हुई. केदार जाधव ने अपने दूसरे और पारी के 17वें ओवर में 19 रन दिए हैं. यह भारतीय पारी का अब तक का सबसे महंगा ओवर है. इस दौरान फिंच ने दो छक्‍के और एक चौका लगाया. जसप्रीत बुमराह के पहले और पारी के दूसरे ओवर में 8 रन बने. फिंच ने दूसरी और चौथी गेंद पर चौके लगाए. जबकि पांचवीं गेंद पर उनके खिलाफ एलबीडब्‍ल्‍यू की जोरदार अपील हुई. अंपायर ने नकारा. कोहली ने रिव्‍यू लिया, लेकिन फिंच बच निकले. रिव्‍यू बेकार गया. दो ओवर में स्‍कोर 14 रन है. भारतीय कप्‍तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है. जबकि टीम में कोई बदलाव नहीं है. इस मैच को जीतकर 'विराट सेना' सीरीज में 3-0 की बढ़त लेना चाहेगी, ताकि अगले दो मैचों में बेंच पर बैठे खिलाड़ियों को मौका देकर वर्ल्‍ड कप से पहले अपनी असली ताकत को परखा जा सके.

भारत ने शुरुआती दोनों मैचों में क्रमश: छह विकेट और आठ रन से जीत दर्ज की है, जिसमें कप्‍तान विराट कोहली के अलावा केदार जाधव और महेंद्र सिंह धोनी ने अपना दम दिखाया है. हालांकि शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने कमतर प्रदर्शन कर कप्‍तान की मुश्किल बढ़ाई है, लेकिन हर कोई जानता है कि ये दोनों बड़े टूर्नामेंट में बड़ा दम दिखाने का जज्‍बा रखते हैं.

जबकि अब तक इस सीरीज में भारतीय गेंदबाज अपनी छाप छोड़ने में शर्तिया कामयाब रहे हैं. यही वजह रही कि दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया की टीम 250 रन के स्कोर तक पहुंचने में नाकाम रही. इस दौरान जसप्रीत बुमराह, कुलदीप यादव, रविंद्र जडेजा और शमी ने अच्‍छी गेंदबाजी है. जबकि आखिरी तीन मैचों के लिए भुवनेश्‍वर कुमार की टीम में वापसी हो गई है, जो कि टीम इंडिया के वर्ल्‍ड कप मिशन का अहम हिस्‍सा माने जा रहे हैं.

बहरहाल, सीरीज के पहले दोनों मैच हारने के बाद ऑस्‍ट्रेलियाई कप्‍तान एरॉन फिंच और उनके खिलाड़ियों के लिए अब सीरीज में पूरी तरह से अलग तरह की चुनौती होगी. 'करो या मरो' वाले मैच में ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस और पीटर हैंड्सकॉम्‍ब को और अधिक जिम्‍मेदारी उठानी होगी तो एंड्रयू टाई, पैट कमिंस, नाथन कूल्‍टर नील और जेसन बेहरेनडोर्फ की पेसर चौकड़ी को स्पिनर एश्‍टन टर्नर और एडम जाम्‍पा का शत प्रतिशत सहयोग ही कुछ अच्‍छे रिजल्‍ट दे सकता है.

वैसे अब तक दोनों टीमों के बीच 133 बार भिड़ंत हुई है, जिसमें से ऑस्‍ट्रेलिया ने 74 तो भारत ने 49 मैच जीते हैं. जबकि दस मैच का कोई रिजल्‍ट नहीं निकला है. अब तक भारतीय टीम ने रांची में 4 वनडे मैच खेले हैं, जिनमें से 2 में जीत तो एक में हार मिली है. जबकि इसी मैदान पर भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुआ मुकाबला बारिश की वजह से बेनतीजा रहा था.

टीमें: 
भारत: विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, अंबाती रायडू, केएल राहुल, केदार जाधव, विजय शंकर, महेंद्र सिंह धोनी, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, भुवनेश्वर कुमार और रिषभ पंत.

ऑस्ट्रेलिया: एरॉन फिंच (कप्तान), उस्मान ख्वाजा, पीटर हैंड्सकॉम्ब, शॉन मार्श, ग्लेन मैक्सवेल, मार्कस स्टोइनिस, एश्टन टर्नर, झाय रिचर्डसन, एडम जाम्‍पा, एंड्रयू टाई, पैट कमिंस, नाथन कूल्टर नाइल, एलेक्स कैरी, नाथन लायन और जेसन बेहरेनडोर्फ ।