शुबेन्दु अधिकारी के पीए मर्डर केस में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, बलिया से गोलू उर्फ टाइगर को किया गिरफ्तार
सुवेन्दु अधिकारी के पीए हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई: बलिया से एक और आरोपी गिरफ्तार, रोते हुए मां बोली– ‘मेरा बेटा निर्दोष है’
बलिया।। पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित सुवेन्दु अधिकारी के पीए चन्द्रनाथ हत्याकांड मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की इस अचानक हुई कार्रवाई के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 'गोलू' के रूप में हुई है, जिसे सीबीआई अपने साथ कोलकाता ले गई है।
इस बड़ी कार्रवाई के बाद मीडिया के सामने आई आरोपी गोलू की मां विद्यावती देवी ने रोते-बिलखते हुए अपने बेटे को पूरी तरह बेकसूर बताया है। कैमरे पर बातचीत के दौरान मां ने अपने बेटे की बेगुनाही की गुहार लगाई है।
"आंचल फैलाकर मांगती हूँ भीख, मेरा बेटा बेकसूर है"
सीबीआई की कार्रवाई से बदहवास मां विद्यावती देवी ने कैमरे के सामने आंचल फैलाकर रोते हुए कहा,"मेरा लड़का पूरी तरह से निर्दोष है, उसने ऐसा कोई कांड नहीं किया है। मैं सबके आगे आंचल फैलाकर भीख मांगती हूँ कि मेरा लड़का बेकसूर है। उसका आज तक गांव में किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ, यहाँ तक कि उसके खिलाफ कभी कोई साधारण शिकायत (दरख्वास्त) भी दर्ज़ नहीं हुई है।"
घर पर मन्नू को ढूंढने आती थी पुलिस
जब मां से पूछा गया कि क्या पुलिस पहले भी उनके घर आई थी, तो उन्होंने बताया कि पुलिस पहले उनके यहाँ आती ज़रूर थी, लेकिन वह गोलू के लिए नहीं बल्कि किसी 'मन्नू' नाम के व्यक्ति को खोजने के लिए आती थी। उन्होंने साफ किया कि मन्नू नाम के उस व्यक्ति से उनके परिवार का दूर-दूर तक कोई लेना-देना या ताल्लुक नहीं है।
रसड़ा से हुई गोलू की गिरफ्तारी, हाल ही में हुई थी शादी
पारिवारिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए मां ने बताया कि गोलू की उम्र करीब 23-24 साल है। वह चार भाई-बहनों (दो लड़के और दो लड़कियां) में सबसे छोटा है। गोलू मुख्य रूप से खेती-बारी का काम संभालता था और साथ ही अपनी पढ़ाई-लिखाई भी कर रहा था। उसने हाल ही में होमगार्ड भर्ती परीक्षा का पेपर भी दिया था।
मां ने रोते हुए बताया कि उनकी तबीयत बहुत खराब रहती थी और उन्हें लगा कि वे शायद नहीं बचेंगी, इसलिए महज 1 साल पहले ही उन्होंने गोलू की शादी करवाई थी। उन्होंने बताया कि सीबीआई ने गोलू को बलिया के रसड़ा इलाके से गिरफ्तार किया है और जांच एजेंसी ने खुद उन्हें इसकी जानकारी दी।
सुरक्षित वापसी की लगाई गुहार
वीडियो के अंत में आरोपी की मां ने भगवान और सरकार से भावुक अपील करते हुए कहा कि उनका बेटा पूरी तरह निर्दोष है और उन्हें उनका बच्चा सुरक्षित और सही-सलामत वापस चाहिए। फिलहाल सीबीआई आरोपी को कोलकाता ले जाकर इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड के जुड़े अन्य पहलुओं पर पूछताछ कर रही है।
गोलू पर हत्या में इस्तेमाल असलहे की सप्लाई और ट्रांसपोर्टिंग का आरोप
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुबेन्दु अधिकारी के निजी सहायक (PA) चंद्रनाथ रथ हत्याकांड मामले में सीबीआई ने उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोलू सिंह उर्फ टाइगर पुत्र रामजी सिंह के रूप में हुई है, जो बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के श्रीपुर /बासुदेवपुर गांव का निवासी बताया जा रहा है।
जिला अस्पताल में मेडिकल के बाद कोलकाता रवाना
सीबीआई अधिकारियों ने आरोपी गोलू उर्फ टाइगर को हिरासत में लेने के बाद जिला अस्पताल में उसका मेडिकल परीक्षण कराया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जांच एजेंसी की टीम उसे अपने साथ कोलकाता लेकर रवाना हो गई। मामले में गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है।
जांच में सामने आई असलहे की ट्रांसपोर्टिंग की भूमिका
सीबीआई के अनुसार, गोलू उर्फ टाइगर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए असलहे की ट्रांसपोर्टिंग और उपलब्ध कराने में भूमिका निभाने का आरोप है। जांच एजेंसी इस मामले में पहले से गिरफ्तार अन्य आरोपियों से मिले इनपुट और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। माना जा रहा है कि आरोपी से पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
कोर्ट से मिला 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड
जिला एवं सत्र न्यायालय के सरकारी वकील संजीव सिंह ने बताया कि सीबीआई ने आरोपी को गिरफ्तार कर बलिया न्यायालय में पेश किया, जहां से एजेंसी को 48 घंटे का ट्रांजिट रिमांड प्राप्त हुआ। इसके बाद सीबीआई टीम आरोपी को आगे की पूछताछ और जांच के लिए कोलकाता ले गई है। मामले की जांच अभी जारी है और एजेंसी अन्य संदिग्धों की भूमिका भी खंगाल रही है।







