मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस : ब्रजेश ठाकुर के बेटे को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
सीबीआई ने ब्रजेश ठाकुर के पत्रकार बेटे को लिया हिरासत में

- मुजफ्फरपुर 12 अगस्त 2018 ।।
दिन भर की छानबीन के बाद सीबीआई की टीम ने आश्रय गृह यौन उत्पीड़न कांड के मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर के बेटे को शनिवार को हिरासत में ले लिया । टीम ने 11 घंटे तक उसके घर की तलाशी लेने और पूछताछ के बाद उसे हिरासत में लिया. सीबीआई की टीम ठाकुर के साहू रोड स्थित आवास पर सुबह करीब नौ बजे पहुंची और रात आठ बजे के करीब उसके बेटे राहुल आनन्द के साथ वहां से रवाना हुई ।
बता दे कि ब्रजेश ठाकुर का बेटा राहुल आनंद, एक हिंदी दैनिक ‘‘प्रात: कमल’’ का प्रकाशक और संपादक है जो उसके आवासीय परिसर के अंदर ही स्थित है । केंद्रीय जांच ब्यूरो के डीआईजी अभय कुमार के नेतृत्व में टीम सशस्त्र कमांडो के साथ मुजफ्फरपुर के साहू रोड स्थित ठाकुर के आवास पर पहुंची । परिसर में घुसने के बाद कमांडो ने अंदर से मुख्य दरवाजा बंद कर दिया जिससे मीडिया और आसपास मौजूद लोग अंदर नहीं घुस पाए ।
सूत्रों का कहना है कि सीबीआई की टीम ने सील खोलकर आश्रय गृह की जांच की और दस्तावेजों एवं अन्य सामग्री को इकट्ठा किया । फोरेंसिक विशेषज्ञों के साथ सीबीआई की टीम ने घर के पीछे की जगह की भी जांच की जिसकी पिछले महीने पुलिस ने खुदाई की थी । आश्रय गृह में रहने वाली लड़कियों ने आरोप लगाए थे कि कुछ वर्ष पहले कर्मचारियों ने एक लड़की को पीट-पीट कर मार डाला था और उसके शव को घर के पिछले हिस्से में दफना दिया था जिसके बाद पुलिस ने वहां खुदाई की थी ।
दिन भर चली खुदाई में कुछ भी असंगत नहीं पाया गया और आठ फुट गहरे गड्ढे को फिर से भर दिया गया. इस बीच, सीबीआई ने भारी अर्थ मूवर मशीनों को वहां तैनात किया, लेकिन दिन में कोई खुदाई नहीं की गई. बिहार सरकार ने गैर सरकारी संगठन सेवा संकल्प एवं विकास समिति के पंजीकरण को रद्द कर दिया है जो निराश्रित लड़कियों के लिए आश्रय गृह चलाता था ।
मुजफ्फरपुर शेल्टर होम केस : ब्रजेश ठाकुर के बेटे को सीबीआई ने किया गिरफ्तार
Reviewed by बलिया एक्सप्रेस
on
August 12, 2018
Rating: 5
