Breaking News

वॉलीबाल नेशनल को उप्र टीम में रितिका का चयन :बेसिक शिक्षा परिषद की छात्रा हैं रितिका यादव, की गयी सम्मानित

 



बलिया।। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली उत्तर प्रदेश अंडर 14 बालिका टीम में जनपद की रितिका यादव का चयन हुआ है। 23 से 28 नवंबर तक शिरडी (महाराष्ट्र) में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग को चयनित होने वाली रितिका जनपद के नरही की निवासी हैं तथा अपने प्रशिक्षक ब्लॉक व्यायाम शिक्षक नीरज राय से वॉलीबॉल का ककहरा सीखा है। प्राथमिक विद्यालय नरही पर वॉलीबॉल प्रशिक्षण शिविर संचालित करने वाले नीरज राय के पांच प्रशिक्षु खिलाड़ियों ने गत वर्ष राष्ट्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया था। उत्तर प्रदेश अंडर 14 वॉलीबाल टीम का दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर प्रयागराज में आयोजित होना है। 


प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभाग को रवाना होने के पूर्व रितिका को पूर्व मंत्री उपेंद्र तिवारी एवं जिला कोपरेटिव बैंक के चेयरमैन विनोद शंकर दूबे ने सागरपाली में आयोजित खेल महोत्सव के मंच पर सम्मानित करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। गौरतलब हो कि रितिका को प्रयागराज में सितंबर माह में आयोजित प्रदेशीय विद्यालयी वॉलीबाल प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर उत्तर प्रदेश टीम में चयनित किया गया है। रितिका के चयन पर जिला विद्यालय निरीक्षक मनोज कुमार मिश्र, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह, क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, जिला वॉलीबाल एसोसिएशन के चेयरमैन अजीत राय, अध्यक्ष डॉ कुंवर अरुण सिंह, बीईओ लाल जी, जिला व्यायाम शिक्षक विनोद कुमार सिंह, पवन कुमार राय, निरंजन राय, रविकांत उपाध्याय, रमन श्रीवास्तव, अम्बरीष तिवारी, विनय राय, शशि प्रकाश राय, अनुज सिंह, सच्चिदानंद राय, अनूप राय, रामनारायण पासवान, नीतू सिंह, सपना चौधरी, अनामिका सिंह आदि ने शुभकामनाएं दीं।