योगी के गढ़ में अखिलेश यादव ने भरी 2027 की हुंकार, 20 किमी के रोड शो से दिखाई ताकत
बोले- पीडीए की बनेगी सरकार; आरक्षण, पेपर लीक और अस्पतालों की बदहाली पर भाजपा को घेरा
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश की सियासत में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर अभी से हलचल तेज होने लगी है। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद गोरखपुर पहुंचकर राजनीतिक माहौल गरमा दिया। पीडीए रथ यात्रा के जरिए करीब 20 किलोमीटर लंबे रोड शो में उन्होंने पार्टी की ताकत दिखाई तो जनसभा के मंच से भाजपा सरकार पर कई मोर्चों पर हमला बोला। आरक्षण, संविधान, बेरोजरी, पेपर लीक, बंद होते सरकारी स्कूल, किसानों की खाद की समस्या और बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर उन्होंने सरकार को घेरा। अखिलेश यादव ने दावा किया कि 2027 में प्रदेश में पीडीए की सरकार बनेगी और गोरखपुर की सभी विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे अखिलेश यादव निजी विमान से गोरखपुर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पहले से मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के बीच उनका स्वागत किया। इस दौरान छह बटुकों ने मंत्रोच्चारण भी किया। स्वागत के बाद पीडीए रथ के साथ उनका रोड शो शुरू हुआ। एयरपोर्ट से चौरी चौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव तक निकली इस यात्रा में जगह-जगह समर्थकों की भीड़ जुटी रही। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने फूल बरसाकर उनका अभिवादन किया। कई स्थानों पर क्रेन के माध्यम से उन्हें बड़ी-बड़ी मालाएं पहनाई गईं। अखिलेश यादव रथ की छत पर खड़े होकर लगातार लोगों का अभिवादन करते रहे।
रोड शो में सपा कार्यकर्ताओं का उत्साह पार्टी के चुनावी अभियान का संदेश देता नजर आया। हाथों में पार्टी के झंडे और अखिलेश यादव के समर्थन में लिखे पोस्टर लेकर कार्यकर्ता नारे लगाते रहे। कहीं 'टीपू इज बैक' तो कहीं '2027 में अखिलेश आ रहे हैं' के नारे सुनाई दिए। डीजे पर भी आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर गाने बजते रहे। '2027 के सत्ताधीश' लिखी टी-शर्ट पहनकर दो फीट के शुभम ने डांस कर लोगों का ध्यान खींचा। पूरे रास्ते पीडीए के समर्थन में नारेबाजी होती रही। पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस भीड़ को सामाजिक न्याय और पीड़ित-वंचित वर्गों की एकजुटता का प्रदर्शन बताने की कोशिश की।
देवकही गांव पहुंचने पर अखिलेश यादव ने 1857 की क्रांति के अमर बलिदानी बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया। इस दौरान उन्होंने चौरी चौरा की ऐतिहासिक धरती और स्वतंत्रता संग्राम में अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीरों को याद किया। उन्होंने कहा कि जिस धरती पर आजादी की लड़ाई के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने बलिदान दिया, वहां आना उनके लिए गर्व की बात है। बाबू बंधू सिंह के साथ शहीद हुए अन्य योद्धाओं को नमन करते हुए उन्होंने विशेष रूप से पीडीए समाज के उन बलिदानियों को भी याद किया, जिन्होंने देश की आजादी के लिए संघर्ष किया था। प्रतिमा अनावरण के बाद उन्होंने पूर्व भाजपा नेता स्वर्गीय विनय कुमार सिंह उर्फ बिन्नू की दसवीं पुण्यतिथि के कार्यक्रम में हिस्सा लिया और वहां आयोजित जनसभा को संबोधित किया।
सभा में अखिलेश यादव ने कहा कि यह तो चुनाव की शुरुआत है, लेकिन गोरखपुर में चुनाव से पहले ही तैयारियां दिखाई देने लगी हैं। उन्होंने कहा कि रोड शो में उमड़ी भीड़ आने वाले समय में राजनीतिक बदलाव का संकेत है। पीडीए की राजनीति को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने कहा कि जो पीड़ित है, वही पीडीए है और वही उनका परिवार है। उनके मुताबिक, 2024 के लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन ने भाजपा का मुकाबला किया था और अब पीडीए समाज पहले से अधिक जागरूक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से इसी एकजुटता को बनाए रखने की अपील की। सभा और रोड शो के दौरान 'गोरखपुर की यही पुकार, इस बार पीडीए की सरकार' तथा 'यूपी की जनता है तैयार, फिर अखिलेश आ रहे हैं' जैसे नारे भी लगाए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह जनपद में खड़े होकर अखिलेश यादव ने भाजपा को चुनावी चुनौती देने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उन्होंने कहा कि अगर आज चुनाव हो जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा का डबल जीरो हो जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए कहा कि हमारे जो मुखिया हैं, वे वाचस्पति हैं। 'हाता नहीं भाता' वाली टिप्पणी के जरिए भी उन्होंने स्थानीय राजनीति को लेकर तंज कसा। गोरखनाथ पीठ के उत्तराधिकारी को लेकर भी उन्होंने सवाल उठाए। उनके इन बयानों ने जनसभा में मौजूद समर्थकों के बीच राजनीतिक चर्चा को और तेज कर दिया।
भाजपा के संगठनात्मक नेतृत्व पर टिप्पणी करते हुए सपा अध्यक्ष ने सात बार के सांसद और पांच बार के विधायक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा में पांच और सात की गिनती को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। सात बार के सांसद प्रदेश अध्यक्ष बने हैं और पांच बार के विधायक राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। मठ, विरासत और परिवारवाद की राजनीति पर बोलते हुए उन्होंने भाजपा नेताओं से सवाल किया कि जो लोग विरासत की गद्दी की बात करते हैं, उन्हें यह भी बताना चाहिए कि परिवारवाद की शुरुआत किसने की। अखिलेश ने गोरखपुर के राजनीतिक इतिहास और वर्तमान परिस्थितियों को जोड़ते हुए भाजपा पर निशाना साधा।
सामाजिक न्याय और आरक्षण का मुद्दा उनके भाषण में प्रमुखता से छाया रहा। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि गोरखपुर में दलितों के साथ अन्याय की घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने सरकारी नौकरियों में आरक्षण को लेकर भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तक आई भर्तियों में बड़े पैमाने पर आरक्षण के नियमों की अनदेखी की गई है। उनके मुताबिक, भाजपा सरकार को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर के संविधान पर भरोसा नहीं है और आरक्षण तथा संविधान को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि पीडीए की लड़ाई केवल राजनीतिक सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि समाज के उन वर्गों को उनका अधिकार दिलाने की भी है, जिन्हें लंबे समय से बराबरी के अवसरों का इंतजार है।
लोकसभा चुनाव 2024 के नतीजों का हवाला देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि विपक्षी एकजुटता ने भाजपा को चुनौती दी है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए समाज में राजनीतिक जागरूकता बढ़ी है और आने वाले विधानसभा चुनाव में इसका असर दिखाई देगा। उन्होंने गोरखपुर और आसपास के लोगों से अपील की कि वे इस चुनाव को केवल सीटों और सरकार बदलने तक सीमित न समझें, बल्कि इसे अपने बच्चों के भविष्य, सामाजिक अधिकारों और रोजगार से जोड़कर देखें। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव प्रदेश की दिशा तय करने वाला होगा।
युवाओं के रोजगार और भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों को लेकर भी अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा किया। पेपर लीक के मामलों पर उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षाओं के प्रश्नपत्र केवल लीक नहीं हुए, बल्कि जानबूझकर लीक कराए गए, ताकि नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा सके। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में युवा अपने परिवार का समय और पैसा लगाते हैं, लेकिन परीक्षा में गड़बड़ी होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। युवाओं को रोजगार देने के बजाय उन्हें इंतजार और अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर तकनीक का इस्तेमाल जनसुविधाओं और रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए किया जाएगा।
अपनी सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने एंबुलेंस सेवा, डायल 100 और लैपटॉप वितरण की बात रखी। उन्होंने कहा कि उस समय तकनीक का इस्तेमाल सीमित था, फिर भी समाजवादी सरकार ने ऐसी व्यवस्थाएं शुरू कीं, जिनका लाभ आम लोगों को मिला। अब तकनीक और आगे बढ़ चुकी है, इसलिए इसका उपयोग युवाओं के भविष्य को बेहतर बनाने और लोगों की समस्याओं का समाधान करने में होना चाहिए। टैबलेट वितरण पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि नौजवानों को दिया जा रहा टैबलेट उन्हें पुराना मॉडल लग रहा है। उन्होंने अपनी सरकार के लैपटॉप वितरण कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि तकनीक का वास्तविक लाभ तभी है, जब उससे विद्यार्थियों को सीखने, आगे बढ़ने और रोजगार पाने में मदद मिले।
शिक्षा व्यवस्था पर हमला बोलते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा सरकार के दस साल के कार्यकाल में प्रदेश के 26 हजार प्राथमिक विद्यालय बंद हुए हैं। उन्होंने गोरखपुर में भी करीब 500 स्कूल बंद होने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि सरकारी स्कूलों की संख्या और सुविधाएं कम होने का सबसे अधिक असर गरीब और कमजोर परिवारों के बच्चों पर पड़ता है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब गांवों में सरकारी विद्यालय बंद होंगे तो सामान्य परिवारों के बच्चे शिक्षा कहां से प्राप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अवसर हर बच्चे को मिलना चाहिए और सरकारी स्कूलों को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता होनी चाहिए।
मतदाता सूची और एक देश, एक चुनाव के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा कि जो सरकार एक मतदाता सूची को ठीक से तैयार नहीं कर पा रही, वह वन नेशन, वन इलेक्शन जैसी बड़ी व्यवस्था कैसे लागू करेगी। उन्होंने चाय का उदाहरण देते हुए अपनी बात रखी और कहा कि किसी भी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए सभी जरूरी पक्षों की भागीदारी होनी चाहिए। उनके इस बयान के जरिए चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर भाजपा की नीतियों पर सवाल उठाने की कोशिश की गई।
किसानों की समस्याओं पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने डीएपी और अन्य खाद की उपलब्धता का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि किसानों को बुवाई के समय खाद के लिए परेशान होना पड़ रहा है। खाद की किल्लत के कारण किसान दुकानों और केंद्रों के चक्कर काट रहे हैं, जबकि समय पर खाद मिलना खेती के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने खाद की बोरियों में कथित चोरी का सवाल उठाते हुए सरकार से जवाब मांगा। डीएपी के नाम पर उन्होंने राजनीतिक व्यंग्य भी किया और कहा कि इसमें पीडीए होने के कारण शायद इसका नाम नहीं लिया जाता। उन्होंने कहा कि किसानों की परेशानी को केवल बयानबाजी से दूर नहीं किया जा सकता, इसके लिए खाद की पर्याप्त उपलब्धता और समय पर वितरण सुनिश्चित करना होगा।
स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति पर अखिलेश यादव ने गोरखपुर को केंद्र में रखकर भाजपा सरकार पर हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी अस्पतालों में मरीजों को अपेक्षित इलाज नहीं मिल पा रहा है और गरीब परिवारों को उपचार के लिए अब भी पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों की हालत ऐसी हो गई है कि उन्हें खुद इलाज की जरूरत है। मौजूदा सरकार के कार्यकाल में करीब 500 निजी अस्पताल बनने का उल्लेख करते हुए उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेजों और एम्स में उपलब्ध सुविधाओं पर भी सवाल उठाए। नर्सिंग स्टाफ के वेतन का मुद्दा उठाकर उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दस वर्षों में उनके वेतन में अपेक्षित बढ़ोतरी नहीं हुई, जबकि समाजवादी सरकार के समय नर्सिंग कर्मियों के वेतन में वृद्धि की गई थी।
बीआरडी मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी के दौरान बच्चों की मौत का मामला उठाते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उस मुश्किल समय में समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवारों की मदद की थी। उन्होंने इस घटना का जिक्र कर सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की जवाबदेही पर सवाल खड़े किए। उनके मुताबिक, अस्पतालों में पर्याप्त संसाधन, दवाइयां, डॉक्टर और बेहतर उपचार की व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि किसी गरीब परिवार को इलाज के लिए भटकना न पड़े।
अखिलेश यादव ने 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में एम्स जैसी सुविधाएं विकसित करने का वादा किया। उन्होंने कहा कि गरीब मरीजों को इलाज के लिए किसी विशेष कार्ड पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। जरूरतमंद व्यक्ति अस्पताल पहुंचेगा तो उसे इलाज और दवाइयां मुफ्त उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने सैफई मेडिकल कॉलेज और लखनऊ के लोहिया अस्पताल का उदाहरण देते हुए कहा कि नेताजी मुलायम सिंह यादव के समय इन संस्थानों में मुफ्त इलाज की व्यवस्था की गई थी। उन्होंने यह भी भरोसा दिलाया कि लिवर, कैंसर और हृदय संबंधी गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों पर बोझ नहीं पड़ने दिया जाएगा। यह उनकी पार्टी की ओर से आगामी चुनाव के लिए किया गया वादा है।
गोरखपुर में फ्लाईओवर निर्माण को लेकर भी अखिलेश यादव ने स्थानीय लोगों की समस्याओं का उल्लेख किया। उन्होंने अजय कुमार सिंह टप्पू का नाम लेते हुए कहा कि उन्हें फ्लाईओवर निर्माण के दौरान लोगों को होने वाली परेशानियों की जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि विकास कार्य केवल निर्माण कराने तक सीमित नहीं होने चाहिए, बल्कि उनसे आम जनता को सुविधा भी मिलनी चाहिए। समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर स्थानीय जरूरतों और लोगों की राय को ध्यान में रखकर फ्लाईओवर बनाने का भरोसा उन्होंने दिया।
किसानों और उद्योगों को जोड़ने के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने गन्ने से प्लास्टिक जैसा मैटेरियल तैयार करने वाली तकनीक का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की तकनीक को प्रोत्साहन देकर उससे जुड़े उद्योग और कारखाने स्थापित किए जा सकते हैं। इससे गन्ने की खेती करने वाले किसानों को लाभ मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और औद्योगिक विकास के अवसर भी पैदा होंगे। उन्होंने तकनीक और कृषि के बेहतर तालमेल को भविष्य की जरूरत बताया।
अपने गोरखपुर दौरे के दौरान अखिलेश यादव ने पूर्व सांसद भीष्म शंकर तिवारी और पूर्व विधायक विनय शंकर तिवारी के परिवार से मुलाकात के लिए तिवारी हाता का भी दौरा किया। पूर्वांचल की राजनीति में इस मुलाकात को भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। रोड शो, बलिदानी बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण, जनसभा और स्थानीय राजनीतिक परिवारों से मुलाकात के जरिए उन्होंने गोरखपुर में पार्टी की सक्रियता का संदेश दिया।
इंटरनेट सेवा बाधित रहने का मुद्दा भी अखिलेश यादव के संबोधन के आखिरी हिस्से में छाया रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण लोगों तक न पहुंच सके, इसलिए इंटरनेट सेवा बंद रखी गई। उन्होंने कहा कि सरकार डर गई है, इसलिए इंटरनेट बंद कर दिया गया। इस टिप्पणी के साथ उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए अपना संबोधन समाप्त किया। करीब 20 किलोमीटर के रोड शो और लंबी जनसभा के जरिए अखिलेश यादव ने साफ संकेत देने की कोशिश की कि समाजवादी पार्टी गोरखपुर को आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति में महत्वपूर्ण मान रही है। उनके भाषण में पीडीए, सामाजिक न्याय, आरक्षण, रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। अब देखना होगा कि गोरखपुर में दिखाई गई यह राजनीतिक सक्रियता 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी के लिए कितना जनसमर्थन जुटा पाती है।











