जेएनसीयू में शिक्षक दिवस एवं स्वागत कार्यक्रम का हुआ आयोजन
बलिया।। शिक्षक दिवस के अवसर पर जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर नरेंद्र कुमार शुक्ल ने
महान शिक्षाविद एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की प्रतिमा पर द्वीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धा पूर्वक नमन किया l
विश्वविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, शिक्षिकाओं एवं शिक्षा जगत से जुड़े सभी लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कुलपति ने कहा कि शिक्षक केवल ज्ञान प्रदान करने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण, संस्कार एवं जीवन-दृष्टि को दिशा देने वाला मार्गदर्शक होता है।
उन्होंने कहा कि भारत की समृद्ध गुरु-शिष्य परंपरा में शिक्षक को सदैव सम्मानजनक स्थान प्राप्त रहा है। बदलते शैक्षिक परिवेश में शिक्षकों की जिम्मेदारी और भी बढ़ गई है। आज शिक्षकों को ज्ञान के साथ-साथ विद्यार्थियों में नवाचार, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना विकसित करनी होगी।
कृषि विभाग के छात्रों द्वारा नवागंतुक विद्यार्थियों के स्वागत के लिए फ्रेशर पार्टी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं विभागीय शिक्षकों के स्वागत के साथ हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने गीत, नृत्य, एवं अन्य मनोरंजक प्रस्तुतियों के माध्यम से कार्यक्रम में रंग भर दिया। वरिष्ठ विद्यार्थियों ने नवप्रवेशी छात्रों का स्वागत करते हुए उन्हें विश्वविद्यालय एवं विभाग की शैक्षणिक गतिविधियों से परिचित कराया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालयों के आचार्यगणों द्वारा कुलपति एवं कुलसचिव एस. एल. पाल को पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया l इस कार्यक्रम में डॉ पुष्पा मिश्रा, डॉ अनुराधा राय, डॉ संजीव, डॉ नीरज कुमार सिंह, डॉ विजय शंकर पाण्डेय, डॉ अभिषेक मिश्र, डॉ छबि लाल, डॉ नीलमणि त्रिपाठी, डॉ लाल विजय सिंह, डॉ शैलेन्द्र कुमार सिंह, डॉ विनीत सिंह सहित अन्य शिक्षक, छात्र भी उपस्थित रहे।











