Breaking News

सनबीम स्कूल में ‘अरुण सिंह मेमोरियल’ जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप का भव्य आगाज

 






15 राज्यों की टीमें दिखा रहीं  प्रदर्शन

बलिया।। जिले के प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान सनबीम स्कूल में बुधवार दिनांक 9 सितंबर से तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल महाकुंभ का भव्य शुभारंभ हो गया। रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में विद्यालय के पूर्व सचिव स्व. श्री अरुण कुमार सिंह की स्मृति में आयोजित ‘तीसरी जूनियर नेशनल रिंग टेनिस चैंपियनशिप’ का उद्घाटन सुबह 10 बजे अत्यंत गरिमामय और ऊर्जावान वातावरण में संपन्न हुआ। 9 से 11 सितंबर तक चलने वाली इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देश भर के लगभग 14 से 15 राज्यों के शीर्ष खिलाड़ी अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन कर रहे हैं।


उद्घाटन समारोह का प्रारंभ सुबह अतिथियों के स्वागत और तुलसी वेदी पर दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत मुख्य अतिथियों द्वारा ध्वजारोहण किया गया। विद्यालय की  विद्यार्थियों ने सुमधुर गणेश वंदना और स्वागत गीत प्रस्तुत कर वातावरण को आध्यात्मिक व संगीतमय बना दिया। विद्यालय के निदेशक डॉ कुंवर अरुण सिंह ने ने अपने स्वागत संबोधन में सभी राज्यों से आए प्रतिभागियों, कोच व गणमान्य अतिथियों का अभिनंदन किया।

उद्घाटन सत्र के दौरान विभिन्न राज्यों से आए दल के खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्च पास्ट प्रस्तुत कर सलामी दी। इसके बाद ग्रुप फोटोग्राफी सत्र हुआ। विद्यालय के छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत 'नृत्यांजलि' नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह की खूब तालियां बटोरीं।


इस समारोह के मुख्य अतिथि श्री भगवान राय एवं विशिष्ट अतिथि रिंग टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव श्री के. आर. वी. श्यामसुंदर का विद्यालय प्रबंधन द्वारा अंगवस्त्र व स्मृति चिह्न भेंट कर अभिनंदन किया गया। फेडरेशन के संयुक्त सचिव सहित विभिन्न राज्यों से पधारे सचिवों और अध्यक्षों को भी विद्यालय प्रबंधन द्वारा सम्मानित किया गया।


मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने उपस्थित क्रीड़ार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि रिंग टेनिस जैसे खेल युवाओं में एकाग्रता, त्वरित निर्णय क्षमता और शारीरिक दक्षता को बढ़ावा देते हैं। रिंग टेनिस एसोसिएशन उत्तर प्रदेश की सचिव मनीषा रानी ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए चैंपियनशिप के नियमों और निष्पक्ष खेल भावना पर प्रकाश डाला।


*उद्घाटन सत्र के ठीक बाद कोर्ट पर रोमांचक लीग मुकाबलों की शुरुआत हुई। पहले लीग मैच में तेलंगाना की टीम ने शानदार खेल का मुजाहिरा पेश करते हुए उत्तराखंड को 7-2 से एकतरफा अंतर से हरा दिया। वहीं, दूसरे लीग मुकाबले में ओडिशा ने अपने सधे हुए प्रदर्शन के दम पर दिल्ली की टीम को 7-3 से शिकस्त देकर अगले दौर में अपनी स्थिति मजबूत की।*


विद्यालय के निदेशक डॉ. कुंवर अरुण सिंह एवं प्रधानाचार्या डॉ. अर्पिता सिंह ने बताया कि स्व. अरुण कुमार सिंह की पावन स्मृति को समर्पित यह आयोजन बलिया की स्थानीय व ग्रामीण खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों से सीखने का स्वर्णिम अवसर प्रदान करेगा। प्रतियोगिता के सफल संचालन, खिलाड़ियों व निर्णायकों के ठहरने, भोजन व अभ्यास के लिए विद्यालय परिसर में उच्च स्तरीय प्रबंध किए गए हैं। प्रतियोगिता के आगामी दौर के मुकाबलेबुधवार, गुरुवार और शुक्रवार  को खेले जाएंगे।