स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर डीएम ने कसी कमर, अधिकारियों को सौंपी जिम्मेदारियां
15 अगस्त को जिले में गूंजेगा देशभक्ति का संदेश, डीएम ने तय की कार्यक्रमों की रूपरेखा
स्वतंत्रता दिवस पर बलिया में दिखेगा देशभक्ति का रंग, कार्यक्रमों को लेकर डीएम गंभीर
बलिया। स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह को भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से मनाए जाने को लेकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई और संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
जिलाधिकारी ने बताया कि 15 अगस्त की सुबह 8 बजे सभी सरकारी कार्यालयों एवं गैर सरकारी भवनों पर ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके बाद सुबह 9:30 बजे चंद्रशेखर उद्यान में नोडल मंत्री एवं परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा। सुबह 10:15 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक जिले के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी शिक्षण संस्थानों में स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक एवं जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को इसके लिए आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
विद्यालयों में ध्वजारोहण के साथ राष्ट्रगान ‘जन-गण-मन’ का सामूहिक गान कराया जाएगा। विद्यार्थियों को स्वतंत्रता संग्राम का संक्षिप्त इतिहास बताने के साथ देश के लिए शहीद हुए देशभक्तों के जीवन के प्रेरक प्रसंगों से परिचित कराया जाएगा, ताकि उनमें राष्ट्रीय चेतना और देशप्रेम की भावना विकसित हो। जिलाधिकारी ने शिक्षण संस्थानों में देशभक्ति से जुड़े नाटक, विचार गोष्ठी, वाद-विवाद प्रतियोगिता, प्रदर्शनी एवं निबंध लेखन प्रतियोगिता आदि आयोजित कराने पर भी जोर दिया। इसके अलावा सुबह 11:30 बजे से दोपहर 01 बजे तक जिला चिकित्सालय बलिया में मरीजों को निःशुल्क दूध एवं फल पैकेट का वितरण किया जाएगा। वहीं राजकीय बालगृह (बालिका), निधरिया में फल, मिष्ठान एवं विशेष लंच पैकेट का वितरण किया जाएगा। इसके लिए मुख्य चिकित्साधिकारी एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शाम 4 बजे बापू भवन (टाउनहॉल), बलिया में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। जिलाधिकारी ने नगर की साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर भी अधिकारियों को निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि शहर में स्थापित सभी स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ- सफाई समय से सुनिश्चित की जाए। साथ ही शहीद स्थल पर भी विशेष साफ-सफाई की व्यवस्था की जाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण के लिए संबंधित अधिकारियों को नामित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों से स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रमों को समयबद्ध एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने तथा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में एडीएम अनिल कुमार सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा सीआरओ गुलशन एवं समस्त जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।







