प्रभारी चिकित्साधिकारी कक्ष का ताला तोड़ने के आदेश, वीडियोग्राफी के साथ हुआ चार्ज हस्तांतरण
सुखपुरा (बलिया)।। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) बलिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बेरूआरबारी के प्रभारी चिकित्साधिकारी के प्रशासनिक कक्ष में लगाए गए ताले को तोड़कर सरकारी अभिलेख एवं चार्ज नए प्रभारी चिकित्साधिकारी को सौंपने के निर्देश जारी किए हैं। इस पूरी कार्रवाई को दो स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में वीडियोग्राफी कराते हुए संपन्न कराया गया । सीएमओ कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पहले डॉ. वरुण ज्ञानेश्वर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, बेरूआरबारी का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे। बाद में 18 जून 2026 के कार्यालय आदेश के तहत डॉ. सिद्धी रंजन को प्रभारी चिकित्साधिकारी का कार्यभार सौंपा गया। आरोप है कि इसके बावजूद डॉ. वरुण ज्ञानेश्वर ने प्रभारी चिकित्साधिकारी प्रशासनिक कक्ष में ताला बंद कर दिया और चाबी उपलब्ध नहीं कराई।
कार्यालय आदेश के अनुसार, चार्ज न सौंपे जाने पर 22 जून 2026 को डॉ. वरुण ज्ञानेश्वर को एकतरफा कार्यमुक्त कर दिया गया। इसके बाद भी कक्ष का ताला बंद रहने से ओपीडी संचालन, मरीजों के उपचार तथा सरकारी अभिलेखों के रखरखाव में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति को देखते हुए सीएमओ ने अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. पद्मावती गौतम एवं उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार को निर्देश दिया कि वे दो स्वतंत्र गवाहों की उपस्थिति में वीडियोग्राफी कराते हुए कक्ष का ताला तुड़वाएं, अंदर रखे सामान व अभिलेखों की इन्वेंटरी तैयार कराएं तथा समस्त चार्ज विधिवत डॉ. सिद्धी रंजन को हस्तांतरित कराना सुनिश्चित करें।इसी के पालन मे आज यह कार्यवाही सुनिश्चित की गयी।







