बलिया में मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना का शुभारंभ, परिवहन मंत्री ने वितरित किया 20 शिक्षकों को एस्टेट हेल्थ कार्ड
अब शिक्षकों को मिलेगा ₹5 लाख तक का कैशलेस इलाज, बलिया में योजना की शुरुआत
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शिक्षकों को वितरित किए स्टेट हेल्थ कार्ड
अब सरकारी और सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में शिक्षकों का होगा मुफ्त इलाज
बलिया। मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना एवं शिक्षकों की सामाजिक सुरक्षा के लिए पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) के साथ अनुबंध कार्यक्रम का आयोजन रविवार को विकास भवन सभागार में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आगरा के डॉ. भीमराव अंबेडकर विश्वविद्यालय, खंदारी परिसर से किए गए राज्यस्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी दिखाया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बताया गया कि इस योजना से प्रदेश के उच्च शिक्षा विभाग के 1.28 लाख से अधिक शिक्षक एवं उनके आश्रित परिवार लाभान्वित होंगे।
जनपद बलिया में जननायक चंद्रशेखर विश्वविद्यालय, 10 अशासकीय सहायता प्राप्त महाविद्यालयों तथा 1284 स्ववित्तपोषित मान्यता प्राप्त महाविद्यालयों के कुल 2534 प्राध्यापकों एवं उनके आश्रितों को इस योजना का लाभ मिलेगा। इनमें अब तक 240 शिक्षकों के स्टेट हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि शेष कार्ड बनाने की प्रक्रिया जारी है। इस योजना के अंतर्गत अशासकीय सहायता प्राप्त एवं स्ववित्तपोषित महाविद्यालयों के नियमित तथा स्ववित्तपोषित पाठ्यक्रमों में कार्यरत शिक्षकों, राज्य विश्वविद्यालयों के शिक्षकों एवं उनके आश्रितों को सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में भी कैशलेस उपचार की सुविधा मिलेगी। योजना का संचालन स्टेट एजेंसी फॉर कम्प्रिहेंसिव हेल्थ एंड इंटीग्रेटेड सर्विसेज (SACHIS) के माध्यम से किया जाएगा।
योजना के तहत प्रत्येक परिवार को प्रतिवर्ष ₹5 लाख तक का मुफ्त एवं कैशलेस इलाज उपलब्ध कराया जाएगा। लाभार्थियों को स्टेट हेल्थ कार्ड जारी किए जाएंगे, जिनके माध्यम से सरकारी और आयुष्मान भारत से संबद्ध निजी अस्पतालों में बिना किसी अग्रिम भुगतान के भर्ती एवं उपचार की सुविधा मिलेगी। इस अवसर पर परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत 20 शिक्षकों को स्टेट हेल्थ कार्ड वितरित किए। इनमें श्री बजरंगी पीजी कॉलेज, दादर आश्रम सिकंदरपुर के 9 शिक्षक, कमला देवी बाजोरिया डिग्री कॉलेज, दुबहड़ के 1 शिक्षक, अमरनाथ मिश्रा महाविद्यालय, दुबेछपरा के 4 शिक्षक, पूजा देवी महाविद्यालय, रजौली सहतवार के 3 शिक्षक तथा किसान पीजी कॉलेज, रकसा रतसर के 3 शिक्षक शामिल रहे। इस अवसर पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ आलोक कुमार, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारी, महाविद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।











