ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति की पहल पर विकास नगर - टेढ़ी पुलिया रोड पर पीडब्ल्यूडी लगाएगा स्ट्रीट लाइट
निर्माणाधीन डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट व केबल हेतु छोड़ी जगह
लखनऊ।। ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति की पहल पर विकास नगर - टेढ़ी पुलिया रोड पर पीडब्ल्यूडी स्ट्रीट लाइट लगाएगा जिसके लिए निर्माणाधीन डिवाइडर पर स्ट्रीट लाइट खम्भों एवं केबल हेतु जगह छोड़ी जा रही है।
यहां यह ज्ञातव्य है कि कुर्सी रोड पर विकास नगर मोड़ से लेकर टेढ़ी पुलिया के बीच लोक निर्माण विभाग द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से डिवाइडर का निर्माण कार्य कराया जा रहा है परन्तु डिवाइडर के बीचों-बीच मार्ग प्रकाश (स्ट्रीट लाइट) के खंभे (पोल) लगाने की कोई व्यवस्था नहीं जा रही थी। इस सम्बन्ध में 4 जून 2026 को ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के महासचिव विवेक शर्मा ने जन सुनवाई पर शिकायत संख्या 40015726069446 से माननीय मुख्यमंत्री जी को भी अवगत कराया था तथा ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति ने अपने 4 जून 2026 के पीडब्ल्यूडी, मंडलायुक्त व जिलाधिकारी को भी पत्र लिखकर स्ट्रीट लाइट के खम्भों के लिए समुचित व्यवस्था करने की मांग की थी।
ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के सचिव विवेक शर्मा ने पत्र का संज्ञान लेकर त्वरित कार्रवाई करने हेतु पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन का आभार व्यक्त किया है।
ग्रेटर लखनऊ जनकल्याण महासमिति के अध्यक्ष रूप कुमार शर्मा ने मांग की है कि निर्माणाधीन डिवाइडर पर जब तक स्थाई लाइटें नहीं लग जातीं, तब तक रात में दुर्घटनाओं को रोकने के लिए डिवाइडर पर रिफ्लेक्टर (रेडियम पट्टी) और अस्थायी चेतावनी बोर्ड अवश्य लगाए जाएं ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।









