जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव, श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया वृद्धाश्रम गड़वार, का औचक निरीक्षण
अधीक्षक को दिये कई निर्देश, आवासित बुजुर्गो से ली सुविधाओं की जानकारी
बलिया।। माननीय उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के कुशल मार्गदर्शन में आज दिनांक 27.06.2026 को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव, श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी द्वारा वृद्धाश्रम गड़वार, बलिया का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी द्वारा आवासित वृद्धजनों से उनके रहन-सहन व खान-पान के बारे में जानकारी ली गयी। वृद्धाश्रम में निवासित सभी वृद्धजनों से बातचीत कर उनकी छोटी-छोटी समस्याओं पर ध्यान देते हुए, उन्हें सुना तथा समस्याओं का तुरन्त निराकरण करने हेतु अधीक्षक को निर्देशित किया गया। आवासित वृद्धजनों से उनके स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के बारें में पूछताछ कर नोट करते हुए अविलम्ब निराकरण हेतु निर्देश दिया गया। निरीक्षण के दौरान अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि जिला चिकित्साधिकारी बलिया को पत्र प्रेषित कर, वृद्धाश्रम में आवासित वृद्धजनों के चिकित्सीय परीक्षण तथा अस्थि रोग के निराकरण हेतु कैम्प आयोजित करें। यह भी निर्देशित किया गया कि यदि किसी वृद्धजन को कोई विधिक सहायता की आवश्यकता हो, तो कार्यालय जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बलिया में सर्म्पक करें।
इसके साथ-ही वृद्धाश्रम गड़वार, बलिया में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का भी आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव, श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ। जिसमें वृद्धजनों को विधिक रूप से जागरूक किया गया। सचिव द्वारा ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ तथा वृद्धजनों से संबंधित कानून के बारे में विस्तार पूर्वक जानकारी प्रदान की गयी।
इस दौरान श्री भूपेन्द्र सिंह लेखाकार, श्री तेजबहादुर स्टोर कीपर, श्री मुकेश सिंह केयर टेकर, दयाशंकर वर्मा केयर टेकर, व समस्त कर्मचारीगण एवं वृद्धजन उपस्थित रहे।









